प्रमोद दुबे
महासमुंद – नगर में बढ़ते आपराधिक घटनाओं पर रोक लगाने नगर पालिका सभापति व युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव निखिलकान्त साहू ने सिटी कोतवाली प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर नयापारा क्षेत्र के बंद पुलिस सहायता केंद्र को पुनः खोलने तथा सुभाष नगर क्षेत्र में पुलिस सहायता केंद्र खोलने की मांग की। कोतवाली प्रभारी को ज्ञापन देते हुए श्री साहू ने उन्हें अवगत कराया कि शहर के विभिन्न वार्डों में आए दिन चोरी, चाकूबाजी, मारपीट जैसे घटनाए हो रही है। असामाजिक तत्वों के कारण माताओं बहनों का घर से निकलना मुश्किल हो रहा है, नशे के चलते गुंडा बदमाश किस्म के लोग शहर के शांत फिज़ा को बिगाड़ रहे हैं। अतः शीघ्र ही नयापारा व सुभाष नगर इलाके में पुलिस सहायता केंद्र की आवश्यकता है। इस अवसर पर शाहबाज राजवानी, रत्नेश साहू, कान्हा प्रधान, बिट्टू साहू, आशीष सिक्का आदि उपस्थित थे।
