नगदी व कार को लूट कर ले जाने वाला एक आरोपी गिरफ्तार, तीन फरार।

सुरेन्द्र मिनोचा

सोनहत/कोरिया – पूर्व रंजिश को लेकर नगदी एवं कार लूटने की घटना को अंजाम देने वाले चार आरोपियों में से एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है,वहीं वारदात में शामिल तीन अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।जिनकी पुलिस द्वारा सरगर्मी से तलाश की जा रही है। उपरोक्त संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार 11 जुलाई 2024 को प्रार्थी विवेक सिंह पिता उपेंद्र सिंह उम्र 31 वर्ष सा.ग्रान उझांव चौकी रामगढ़, थाना सोनहत में उपस्थित होकर लिखित रिपोर्ट दर्ज कराया कि 10 जुलाई 2024 को शाम को बैकुंठपुर से अपने साथी विनोद परवार के साथ अपने कार वेगनआर से अपने घर ग्राम उज्ञांव जा रहा था, कि लगभग 08:00 बजे सोनहत बाजार से थोड़ा आगे रूककर गाड़ी से उतरा तो पीछे से 04 आदमी मोटरसायकल से आये जिनमें 01 दीपक कोल निवासी सोनहत था। दीपक कोल ने मेरे एवं मेरे साथी के साथ गाली गलौज करते हुए मारपीट कर कार की चाबी छीन लिया एवं कार के डेश बोर्ड में रखे 19000/- रु को भी निकाल लिया और वे लोग कार को अपने साथ लेकर चले गये।प्रार्थी की रिपार्ट पर थाना सोनहत में अपराध कमांक 123/2024 धारा 309(6) भा.न्या.सं. का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।विवेचना के दौरान प्रार्थी एवं उसके साथी से पूछताछ कर घटना स्थल का निरीक्षण किया गया एवं प्रकरण के नामजद मुख्य आरोपी दीपक कोल पिता मंधारी कोल उम्र 25 वर्ष सा.कोलपारा सोनहत को उसके निवास स्थान पर घेराबंदी कर पकड़ा गया।आरोपी दीपक कोल से पूछताछ करने पर उसने बताया कि वह पूर्व रंजिश के कारण अपने साथी कालेन्द्र सोनवानी एवं 02 अन्य के साथ मिलकर सप्ताहिक बाजार सोनहत के आगे विवेक सिंह से मारपीट कर उक्त घटना को अंजाम दिया है।

आरोपी दीपक कोल के द्वारा अपने 03 अन्य साथी के साथ मिलकर उक्त घटना को अंजाम देना स्वीकार किया गया । आरोपी दीपक कोल के विरूद्ध साक्ष्य सबूत पाये जाने पर हिरासत में लिया गया।आरोपी के द्वारा लूटे हुए रकम को खर्च करना बताया है एवं कार को आरोपी के घर से बरामद किया गया। प्रकरण में आरोपी दीपक कोल के विरूद्ध वैधानिक कार्यवाही करते हुए गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया है अन्य शेष 03 आरोपीगण फरार है जिनकी पता तलाश जारी है।