सामाजिक कुरीतियों और अनावश्यक खर्चों पर लगेगी रोक, कन्नौजिया तेली समाज बनारी इकाई ने लिए अहम फैसले

जांजगीर :- सामाजिक एकता, आपसी सहयोग और सामाजिक परंपराओं को सरल एवं व्यवस्थित बनाने की दिशा में कन्नौजिया तेली समाज बनारी इकाई ने सराहनीय पहल की है। मंगलवार, 10 नवंबर 2026 को आयोजित समाज की आवश्यक बैठक में सामाजिक सुधार और अनावश्यक खर्चों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण निर्णय सर्वसम्मति से लिए गए।बैठक में निर्णय लिया गया कि गांव में समाज के किसी परिवार में शोक होने पर बनारी इकाई के प्रत्येक परिवार की ओर से शोकाकुल परिवार को ₹100 की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी, ताकि दुःख की घड़ी में परिवार को सामूहिक सहयोग मिल सके।सामूहिक विवाह आयोजन को व्यवस्थित एवं सफल बनाने के लिए सामूहिक विवाह समन्वय समिति में बनारी इकाई की ओर से श्री शंकर लाल साहू को सदस्य के रूप में मनोनीत किया गया।दाह संस्कार के अवसर पर कफन के लिए कपड़ा लाने की परंपरा में बदलाव करते हुए आवश्यक एवं निकट संबंधियों को छोड़कर अन्य रिश्तेदारों द्वारा कपड़ा लाने की प्रथा बंद करने का निर्णय लिया गया। इसके स्थान पर इच्छानुसार स्वेच्छा राशि अर्पित करने का आग्रह किया गया।

इसी प्रकार दशगात्र के दिन तालाब से लौटने के बाद नाश्ते के पैकेट वितरण की प्रथा को पूर्णतः बंद करने का निर्णय लिया गया। अस्थि विसर्जन के लिए गंगा तीर्थ जाने वाले सदस्यों के संबंध में भी व्यवस्था निर्धारित की गई। दशगात्र के दिन भेंट के लिए केवल पिंडदान करने वाले सदस्य एवं उनके साथ एक अन्य सदस्य, कुल दो लोगों को ही खड़े होने का निर्णय लिया गया। शेष सदस्यों से भेंट के लिए खड़े नहीं होने का निवेदन किया गया।बैठक में आगामी 29 नवंबर 2026, रविवार को दोपहर में बनारी इकाई द्वारा आंवला भोज आयोजित करने का निर्णय भी लिया गया।
समाज के सदस्यों ने इन निर्णयों को सामाजिक एकजुटता, परस्पर सहयोग, सादगी और आर्थिक बचत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। बैठक में उपस्थित सदस्यों ने सभी निर्णयों का सर्वसम्मति से समर्थन किया।बैठक में रामफल साव, शंकर लाल साहू, सत्येंद्र शरण साव, रामशरण साव, चिंताराम साहू, मन्नीलाल साहू, हेमंत साहू, अंगद प्रसाद साहू, केशव साहू, प्रेमलाल साहू, नरेंद्र कुमार साहू, योगेश साहू, लक्ष्मी नारायण साहू, शिव कुमार साहू, सुरेश कुमार साहू, सुभाष चन्द्र साव, हिमांशु एवं गौरव उपस्थित रहे।