साहित्यकार शिक्षक ने विधायक शिष्य का किया अभिनंदन।

राजिम – शिष्य जब गुरु से आगे बढ़ जाता है तब एक कहावत अक्सर बोला जाता है – “गुरु तो गुर (गुड़) ही रहा, चेला हो गया शक्कर”। ऐसे ही एक चेले के शक्कर हो जाने की घटना राजिम विधानसभा में घटित हुआ है। जब चेला गुरु से आगे हो जाता है तो गुरु की छाती चौड़ी हो जाती है‌। बात राजिम विधानसभा के यशस्वी विधायक रोहित साहू को लेकर हो रही है। बताना होगा कि विधायक रोहित साहू के गुरुजी दिनेश कुमार ताम्रकार (दिनेश चौहान) अपने शिष्य से सौजन्य भेंट करने और विधायक बनने पर बधाई और आशीर्वाद देने उनके निवास पर पहुँचे थे। क्योंकि हर शिक्षक को अपने छात्र के तरक्की पर गर्व और प्रसन्नता होती है। इसी प्रसन्नता को व्यक्त करने का यह अप्रतिम अवसर था। इस अवसर पर शिक्षक, साहित्यकार और चित्रकार दिनेश चौहान ने उन्हें भारत रत्न और देश के यशस्वी पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का पोर्ट्रेट भेंट किया। उल्लेखनीय है कि विधायक कहीं जाने को निकल चुके थे लेकिन अपने गुरुजी को देखकर थोड़ी देर के लिए रुके और अपने गुरु से बधाई और आशीर्वाद लिया। इस अवसर उन्होंने अपने विद्यार्थी जीवन के समय को याद किया। ज्ञातव्य है कि शिक्षक दिनेश चौहान ने अपने शिक्षकीय जीवन की शुरुआत विधायक के जन्म ग्राम पीपरछेड़ी से ही की थी। शिक्षक दिनेश चौहान ने ही वहाँ प्राथमिक शाला की स्थापना की। वहाँ कोई शाला भवन नहीं था। किसानों के परछी और खोली में कक्षा लगाई जाती थी। लगभग चार वर्षों तक इसी तरह शाला का संचालन होता रहा। उसके बाद शाला भवन का निर्माण हुआ। रोहित साहू तीसरे या चौथे बेच के विद्यार्थी थे। एक शिक्षकीय शाला में कक्षा पहली से पाँचवी तक विधायक रोहित साहू शिक्षक दिनेश चौहान के छात्र रहे।गुरु ने अपने शिष्य के राजपथ में उत्तरोत्तर सफलता और उज्ज्वल-यशस्वी भविष्य की शुभकामना व्यक्त करते हुए आशीर्वाद प्रदान किया।