कार्डधारियों को कल से मिल पाएगा सरकारी राशन।

विभागीय डाटाबेस नए क्लाउड सर्वर पर स्थानांतरित करने से वितरण प्रभावित।

प्रमोद दुबे 

महासमुंद – विभागीय डाटाबेस को नए क्लाउड सर्वर पर स्थानांतरित करने के कार्य के चलते जुलाई के पहले ही दिन जिले की 593 शासकीय उचित मूल्य की राशन दुकानों से हितग्राहियों को राशन नहीं मिल पाया। बताया जाता है कि डाटाबेस को नए क्लाउड सर्वर पर स्थानांतरित करने का कार्य 3 जुलाई तक चलेगा ऐसे में कार्डधारियों को बुधवार से ही सरकारी राशन मिल पाएगा। बता दें कि खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उप. संरक्षण विभाग के अपर सचिव ने इस संबंध में 28 जून को आदेश जारी किया। इस आदेश के तहत प्रदेश के सभी कलेक्टरों को विभागीय डाटाबेस को नवीन क्लाउड सर्वर पर स्थानांतरित किए जाने की जानकारी दी गई है। वर्तमान में खाद्यान्न पोर्टल को छोड़कर सभी विभागीय ऑनलाइन कार्यवाही राज्य डाटा सेंटर में स्थित विभागीय सर्वर के माध्यम से किया जा रहा है। एसडीसी सर्वर में लगातार आ रही समस्याओं के निराकरण के लिए नवीन क्लाउड सर्वर एनआईसी के माध्यम से किराए पर लिया गया है। इसमें विभागीय डाटाबेस को स्थानांतरित किया जाएगा। इसके कारण एसडीसी स्थित विभागीय सर्वर तीन दिन तक बाधित रहेगा। मालूम हो कि जिले में 3 लाख 32 हजार 659 राशन कार्डधारी है जिन्हें जिले की 593 शासकीय उचित मूल्य की राशन दुकानों से चावल, शक्कर और नमक मिलता है।विभागीय डाटाबेस को नए क्लाउड सर्वर पर स्थानांतरित करने के कारण एक से तीन जुलाई तक सर्वर बंद रहने की सूचना थी। जिससे राशन दुकानों से राशन का वितरण सोमवार को नहीं हो पाया। आज दोपहर में सर्वर शुरू हो गया है राशन का वितरण शुरू हो जाएगा।

संजय शर्मा एएफओ, खाद्य विभाग,

महासमुंद