मनुवादी हिंदुत्व के खिलाफ़ देशव्यापी अभियान के तहत दूसरे चरण की शुरुआत

*मनुवादी हिंदुत्व के खिलाफ़ देशव्यापी अभियान के तहत दूसरे चरण की शुरुआत *

14 अप्रैल को बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर की 130 वी जयंती के अवसर पर जाति उन्मूलन आंदोलन(CAM) व क्रांतिकारी सांस्कृतिक मंच(RCF) द्वारा आरएसएस फासीवाद के वैचारिक आधार मनुवादी हिंदुत्व के खिलाफ पूरे देश में अभियान के द्वितीय चरण की शुरुआत की गई। यह अभियान 28 सितंबर को शहीदे आज़म भगत सिंह की जयंती तक चलेगा।

आज सिंघु बॉर्डर पर इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में समान विचार वाले संगठनों के साथ साथीगण- शिशुरंजन, तेजराम विद्रोही, उमाकांत, उर्मिला,भारती, पुर्णिमा, संजय,गुरमुख सिंह ,रेशम सिंह,बलजीत सिंह और मूलचंद ने सक्रियता से भाग लिया। साथी शिशुरंजन ने सिंघु बॉर्डर के ऐतिहासिक किसान आंदोलन के मंच से मनुवादी हिंदुत्व के खिलाफ अभियान के द्वितीय चरण को छेड़ने का ऐलान किया।निफ्टम चौक,सिंघु बॉर्डर में मजदूर अधिकार संगठन(MAS) के नेतृत्वकर्ता जुझारू साथीगण- नोदीप कौर,शिवकुमार व बिंदर कौर ने इस अभियान के पर्चे का विमोचन किया।
इस अवसर पर अखिल भारतीय क्रांतिकारी किसान सभा के सचिव तेजराम विद्रोही ने कहा कि जो आरएसएस व भाजपा संविधान लागू होने पर बाबा साहेब डॉ भीमराव अम्बेडकर का पुतला जलाया करता था वही आज अम्बेडकर की मूर्ति स्थापना तथा पूजा के नाम पर शोषित पीड़ित वर्गों के बीच केवल वोट बैंक की राजनीति को ही मजबूत करना चाहते हैं। क्योंकि उनके कथनी और करनी में फर्क है। एक ओर संविधान की बाते करते हैं और दूसरी तरफ संवैधानिक अधिकारों का दुरुपयोग कर कॉरपोरेट परस्त किसान, कृषि और आम उपभोक्ता विरोधी नीतियों को थोपा जा रहा है।