प्रमोद दुबे
महासमुंद – कस्टम मिलिंग प्रोत्साहन राशि घोटाले की छानबीन में जुटी ईडी की टीम ने 8 जून को बागबाहरा में लालपुर रोड वार्ड 7 में स्थित महासमुंद राइस मिल एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज अग्रवाल के घर दबिश दी। यहाँ टीम दिनभर राइस मिल व्यवसाय से संबंधित दस्तावेज, बैंक खातों की जानकारी, लेन- देन से जुड़े दस्तावेजों की जांच की और पूछताछ की। बता दें कि कस्टम मिलिंग में प्रोत्साहन राशि 40 रूपए प्रति क्विंटल से बढ़ाकर 120 रूपए किए जाने के बाद प्रोत्साहन राशि में करीब 140 करोड़ रूपयों के घोटाले के आरोप में घिरी तत्कालीन राज्य सरकार में रहे शीर्ष अधिकारी व प्रदेश राइस मिल एसो. के कोषाध्यक्ष जेल में बंद हैं। प्रदेश में वर्ष 2023 में हुए 140 करोड़ के कस्टम मिलिंग घोटाले में ईडी मार्कफेड के बड़े अधिकारी, छग प्रदेश राइस मिल एसोसिएशन के पदाधिकारी तथा राइस मिल एसोसिएशन के जिलाध्यक्षों के यहाँ पूछताछ और छापेमारी कर रही है। इसके पूर्व महासमुंद में भी राइस मिल एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष के घर पर ईडी की टीम पहुँची थी। इसी सिलसिले में शनिवार को ही ईडी की टीमों ने राजनांदगांव जिला राइस मिल एसोसिएशन के अध्यक्ष के अनेक ठिकानों पर छापेमारी की थी।
