अवैध रेत उत्खनन के विरोध में कब धरने पर बैठेंगे चोपड़ा : विनोद ।

प्रमोद दुबे 

महासमुंद – पूर्व संसदीय सचिव विनोद सेवनलाल चंद्राकर ने महासमुंद विस क्षेत्र के महानदी में विभिन्न रेत घाटों पर रेत का हो रहे अवैध उत्खनन मामले में सत्ता पक्ष के नेताओं की खामोशी को उनकी मौन सहमति का परिचायक बताया है। श्री चंद्राकर ने कहा कि महासमुंद के पूर्व विधायक डॉ विमल चोपड़ा हर मामले में अपनी टांग अड़ाते हैं। लेकिन, महासमुंद क्षेत्र के महानदी के रेत घाटों से अंधाधूंध रेत का अवैध उत्खनन पर वे मौन क्यों हैं? बात. बात पर धरना आंदोलन करने का आडंबर करने वाले पूर्व विधायक डॉ विमल चोपड़ा जिले में हो रहे रेत का अवैध उत्खनन व परिवहन मामले में माफियाओं के खिलाफ धरना प्रदर्शन कब करेंगे। श्री चंद्राकर ने कहा कि सत्ता संरक्षण में भाजपा के रेत माफिया महासमुंद विधानसभा की चिंगरौद, बड़गांव, बरबसपुर, मोहकम, खड़सा, खमतराई, केडियाडीह, सेनकपाट, कर्राडीह, बम्हनी आदि महानदी क्षेत्र से बेखौफ रेत तस्करी कर उसे कई गुना अधिक दामों में बेच रहे हैं। ये भाजपाई प्रशासन की सांठगांठ से खुलेआम अवैध रूप से अंधाधूंध उत्खनन कर रहे हैं। इसके अलावा आम जनता को दोगुने से तीन गुना दाम पर रेत मिलने से उनके सामने आर्थिक संकट पैदा हो गया है।