सुरेन्द्र मिनोचा
मनेंद्रगढ़/एमसीबी – विधि विरूद्ध संचालित मीना बजार का लायसेंस निरस्त किए जाने के साथ विधि अनुसार कार्यवाही किए जाने के संबंध में अधिवक्ता रामसेवक सोनी ने कलेक्टर एमसीबी, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) मनेंद्रगढ़ एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी मनेंद्रगढ़ को ज्ञापन सौंपा है।सौंपे गए ज्ञापन में अधिवक्ता ने उल्लेख किया है कि अभी वर्तमान में छ.ग.उच्च न्यायालय बिलासपुर ने कवर्धा के पंडरिया में पिकप सडक हादसे में 19 आदिवासी महिलाओंकी मुत्यु के मामले को मुख्य न्यायाधिपति ने जनहित याचिका के रूप में स्वतः संज्ञान लिया है एंव राज्य शासन, राष्ट्रीय राजमार्ग परिवाहन विभाग के साथ सभी कलेक्टर से जवाब शपथ पत्र के साथ माँगा है, जिसकी सुनवाई 26 जून को होनी है।मीनाबजार से संबधित एक अन्य प्रकरण में छ.ग.उच्च न्यायालय बिलासपुर के समक्ष त्वरित सुनवाई याचिका क्र. WPC/ 2394 / 2017 अजय शुक्ला वगै. प्रति छ.ग.शासन वगै. में 31/08/2017 के पारित निर्णय में नगर निगम को मीना बजार स्थल की जॉच करने के साथ ही लिए जाने वाले शुल्क की संगणना कर उसे जमा कराने के बाद अनापत्ति प्रदान किए जाने का आदेश पारित किया गया है।

अधिवक्ता ने कलेक्टर को सौंपे अपने ज्ञापन में उल्लेखित किया है कि मनेन्द्रगढ़ में संचालित मीना बजार का लाइसेंस यदि आपके अधीनस्थ अनुविभागीय अधिकारी राजस्व मनेन्द्रगढ़ जिला एमसीबी छ.ग. के द्वारा जारी किया गया है, तो इसका
किसी को पता नही है, जिसकी जॉच की जावे कि कैसे दुर्घटना संभवित क्षेत्र में मीना बजार का लायसेंस जारी किया गया है? मीना बाजार में सुरक्षा के कौन कौन से उपकरण मौजूद है? झूले के आसपास की सुरक्षा की जॉच भी आवश्यक है, चिकित्सा के साथ गाडी पार्किंग का स्थान भी राष्ट्रीय राजमार्ग से दूर होना चाहिये, इसका ध्यान रखा जाना चाहिए, जिससे कोई गंभीर दुर्घटना घटित ना हो।

लायसेंस जारी किए जानें के पूर्व पेपर प्रकाशन के अलावा राष्ट्रीय राजमार्ग परिवाहन विभाग, बिजली विभाग, नगरपालिका मनेन्द्रगढ एंव अन्य विभाग की अनापत्ति प्रमाण पत्र की आवश्यकता होती है, जिसमें स्थल की जॉच होती है और स्थल पर जॉच के समय लिए जाने वाले शुल्क की संगणना की जाती है और पूरा शुल्क जमा करने के बाद अनापत्ति प्रमाण पत्र प्रदान किया जाता है, इसलिए मीना बजार स्थल की जॉच कर शुल्क की संगणना कर मीना बजार संचालक से शुल्क जमा कराया जावे, जिससे शासन को हो रही आय की क्षति ना हो एंव राष्ट्रीय राजमार्ग पेट्रोल पंप के समीप स्थित मीना बजार को तत्काल हटाया जावे जिससे गंभीर दुर्घटना घटित होने की आशंका ना रहे।
