आत्मानंद स्कूलों को बंद करने की हो रही साजिशः विनोद चंद्राकर।

जनहित की न योजना बनी, न नीति फिर भी साय सरकार ने ले लिया 16 हजार करोड़ का कर्ज ।

प्रमोद दुबे 

महासमुंद :- पूर्व संसदीय सचिव विनोद सेवनलाल चंद्राकर ने कहा कि प्रदेश में सरकार बनने के 5 महीने के भीतर ही भाजपा के विष्णुदेव सरकार ने 16 हजार करोड़ का कर्ज ले लिया है।

इस सरकार ने प्रदेश वासियों के लिए न ही कोई नई योजना बनाई और न ही कोई नीति। प्रदेशवासियों के समक्ष सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि 16 हजार करोड़ रुपए का कर्ज किस उद्देश्य से लिया गया। श्री चंद्राकर ने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने 5 सालों में जनता के खाते में सीधे दो लाख करोड़ डाला था। वर्तमान सरकार ने बेरोजगारी भत्ता, गोबर खरीदी, गोठान संचालन, युवा मितान क्लब, रीपा सब कुछ बंद कर दिया। उसके बाद भी सरकार कर्ज पर कर्ज लिये जा रही है।

जमीन रजिस्ट्री में 30 प्रतिशत छूट भी समाप्त कर दिया है, शराब की कीमत बढ़ा दी गई। यहां तक ये सरकार शासकीय कर्मचारियों को वेतन तक नहीं दे पा रही है। स्वामी आत्मानंद स्कूलों के शिक्षकों तथा कर्मचारियों को पिछले 4 माह से वेतन नहीं दिया गया है। जिससे यह स्पष्ट दिख रहा है कि यह सरकार सुनियोजित तरीके से आत्मानंद स्कूलों को बंद करना चाहती है। श्री चंद्राकर ने आगे कहा कि आत्मानंद स्कूलों को बंद करने की साजिश के तहत आत्मानंद स्कूलों के शिक्षकों को जब से भाजपा की सरकार बनी है तब से वेतन नहीं दिया जा रहा। ताकि संविदा के आधार पर नियुक्त शिक्षक धनाभाव में स्कूल छोड़ दें और स्कूलों को बंद करने का बहाना खोजा जा सके। इससे पहले पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के दौरान शिक्षकों का मानदेय प्रतिमाह मिलता रहा। उन्होंने कहा कि स्वामी आत्मानंद स्कूल गरीबों और मध्यम वर्ग के बच्चों के लिये संजीवनी है। इस स्कूल में बच्चों को मुफ्त अंग्रेजी माध्यम की पढ़ाई कराया जाता है। निजी स्कूलों में जितना खर्च एक बच्चे का अंग्रेजी माध्यम की पढ़ाई में आता है वह गरीब परिवारों के क्षमता से अधिक है। आत्मानंद स्कूल के माध्यम से प्रतिभाशाली बच्चों को एक सुनहरा अवसर मिला है। जिसका अच्छा प्रतिसाद भी दिख रहा है। कक्षा 10वीं तथा 12वीं बोर्ड के परिणामों में आत्मानंद स्कूलों के बच्चों ने टॉप किया है। राजनीतिक दुर्भावनावश भाजपा सरकार इसे बंद करना चाहती है, जो दुर्भाग्यजनक है।