छात्र- छात्राओं को स्वर्ण, रजत एवं ताम्र जडित पदकों से किया गया सम्मानित।
सुरेन्द्र मिनोचा
मनेंद्रगढ/एमसीबी :- गत दिवस शहर के प्रसिद्ध दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल में वार्षिक परीक्षा अंकपत्र वितरण के मौके को अलंकरण समारोह के रूप में एक उत्सव का रूप दिया गया। बोर्ड कक्षा को छोड़कर विद्यालय के प्ले ग्रुप से लेकर वर्ग ग्यारहवीं तक के सभी कक्षाओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र- छात्राओं को प्रमाण पत्र एवं क्रमशः स्वर्ण, रजत एवं ताम्र जडित पदकों से नवाजा गया। हाथों में प्रमाण पत्र लिए तथा गले में पदकों से विभूषित हुए हर छात्र-छात्रा एवं उनके माता-पिता स्वयं को गौरान्वित महसूस कर रहे थे।विद्यालय के प्राचार्य डॉ. बसन्त कुमार तिवारी तथा निदेशिका श्रीमती पूनम सिंह की उपस्थिति में इस महत्वपूर्ण मौके को यादगार बनाने के लिए स्मृति के तौर पर इस अनमोल पल की तस्वीरें भी ली गयीं। बहुत से माता-पिता अपने मोबाइल फोन के कैमरे में भी तस्वीरें लेना नही भूले। इसके अलावा पूरे सत्र 2023-24 के दौरान आयोजित विद्यालय की हाउस प्रतियोगिताओं यथा- राखी निर्माण प्रतियोगिता, अंग्रेजी वाद विवाद प्रतियोगिता, गणित एवं विज्ञान क्विज़ इत्यादि में भी प्रथम, द्वितीय तथा तृतीय स्थान पाने वाले छात्र छात्राओं को सम्मानित किया गया।गौरतलब है कि विद्यालय में अध्ययनरत सभी बच्चों को चार हाउस के अन्तर्गत वर्गीकृत किया जाता है, जिनके नाम भारत एवं विश्व की महान विभूतियों – रविंद्रनाथ टैगोर, ए पी जे कलाम, आर्यभट्ट तथा थाॅमस एल्वा एडीसन के नाम पर रखे गए हैं।अलंकरण समारोह के पश्चात विद्यालय परिवार के सदस्यों के बीच होली भी खेली गयी। रंग बिरंगे गुलाल एक दूसरे को लगाकर सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने एक दूसरे को बधाईयाँ दी तथा आने वाले सत्र 2024-25 को सफल करने हेतु सभी ने कर्तव्यनिष्ठा का संकल्प लिया।
