प्रमोद दुबे
महासमुंद :- जिला मुख्यालय से लगे ग्राम लभरा खुर्द निवासी पूर्व संसदीय सचिव मकसूदन लाल चंद्राकार की मंगलवार. बुधवार की रात करीब 2 बजे रायपुर स्थित निवास पर निधन हो गया। वे 82 वर्ष के थे। उनकी पार्थिव काया गृह ग्राम लभरा खुर्द लाया गया। जहां दोपहर 12 बजे अंतिम संस्कार किया गया। वे अपने पीछे दो पुत्र अनुविभागीय अधिकारी लोक निर्माण विभाग रायपुर में पदस्थ शेखर चंद्राकर व डा. उत्पल चंद्राकर का भरा पूरा परिवार छोड़ गए हैं।
वे ग्राम पंचायत लभराखुर्द के पूर्व सरपंच बंशीलाल चंद्राकर, रामेश्वर चंद्राकर के बड़े भाई थे। अंतिम यात्रा के पूर्व उनका पार्थिव काया कांग्रेस भवन लाया गया जहां कांग्रेस जनों ने भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। स्वर्गीय चंद्राकर 1980 से 1990 के दशक में लगातार दो बार महासमुंद विधानसभा क्षेत्र के विधायक रहे। पहली बार विधायक बनने पर उन्हें संसदीय सचिव के रूप में नवाजा गया था। श्री चंद्राकर मध्य प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह के खासमखास रहे। जिसके कारण उन्हें पावरफुल विधायक माना जाता था। अंत्येष्टि कार्यक्रम में विधायक योगेश्वर राजू सिंन्हा समेत पूर्व राज्य मंत्री पूनम चंद्राकर, पूर्व संसदीय सचिव विनोद सेवनलाल चंद्राकार, नगर पंचायत तुमगांव अध्यक्ष राकेश चंद्राकर, जिला पंचायत रायपुर के पूर्व सभापति डॉ सेवाराम साहू समेत साहू काफी संख्या में गणमान्य नागरिक, राजनीतिक, सामाजिक, धार्मिक संगठनों से जुड़े जनप्रतिनिधि मौजूद थे।
