भाजपा नेता ने योजनानुसार लाभ दिलाने कलेक्टर एम सी बी से की मांग, मिला आश्वासन।
सुरेन्द्र मिनोचा
केल्हारी/एम सी बी :- जिले के मनेंद्रगढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत पसौरी के निवासियों को इन दिनों पानी की भारी किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। जल जीवन मिशन योजना अंतर्गत जल प्रदाय की व्यवस्था पूर्णतः ध्वस्त हो चुकी है। हाल ही मे जांच में पहुंची दिल्ली टीम को एक सुर में ग्रामीणों ने जल जीवन मिशन के उक्त कार्य के सम्बंध में अवगत कराते हुए जानकारी दी थी कि उक्त योजना की स्वीकृति एवं कार्य महज दिखावे के लिए ही हुआ है, जबकि ग्रामवासियों को जल जीवन मिशन का कोई लाभ नहीं मिल रहा है।बीच बस्ती के लोग दो किलोमीटर दूर से पीने का पानी लाने को विवश हैं,वे रोजमर्रा की जरूरत में उपयोग होने वाले पानी के लिए दौड़ते भागते दिखाई देते हैं।तो वहीं कुछ मोहल्ले के लोग तो नदियों के सहारे पानी की आपूर्ति करते हैं। मगर चिंता का विषय यह है कि कुछ दिनों बाद जब गर्मी पड़ने लगेगी तब नदियों का जल भी सूख जाएगा,ऐसे में ग्रामीण कहां से पानी का पूर्ति करेंगे? उन्हें 3– 4 किलो मीटर का सफर तय करके जाने पर ही पानी की सुविधा मिल सकेगी।
उक्त समस्याएं ग्राम पंचायत पसौरी की हैं।जहां शासन द्वारा जल जीवन मिशन योजना का लाभ दिया गया है, परंतु विभागीय अधिकारियों तथा ठेकेदार के मिली भगत के कारण ग्रामवासियों को लाखों रुपए की लागत से निर्मित योजनाओं का लाभ नही मिल पा रहा है। जबकि उक्त कार्य के सम्बंध में ग्रामीणों द्वारा सम्बंधित सब इंजीनियर, एसडीओ, ईई को कई बार सूचना देकर जानकारी दी जा चुकी है।
इस मामले को लेकर भाजपा युवा नेता धीरज कुमार मौर्य, जिला महामंत्री भाजयुमो ने समस्या को कलेक्टर एम सी बी के संज्ञान में लाते हुए आग्रह किया है कि उक्त कार्य की जांच करते हुए सभी हितग्राहियों तक शासन के मंशानुसार पानी की सप्लाई सुनिश्चित की जाए ।
