मामले में समिति का अध्यक्ष एवं एक अन्य गिरफ्तार उपाध्यक्ष का पति फरार।
नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक कोरिया सूरज सिंह के प्रभार लेते ही 02 दिवस में हुआ चोरी का खुलासा।
सुरेन्द्र मिनोचा
बैकुंठपुर/कोरिया :- थाना चर्चा अंतर्गत दिनांक 05.02.2024 को सूर्य खाद्य सुरक्षा पोषण एवं उपभोक्ता सहकारी समिति मर्यादित चेरवापारा के अध्यक्ष उमाशंकर सिंह आत्मज स्व. मनोहर आयु 51 वर्ष निवासी छरछा बस्ती ने थाना चरचा में उपस्थित होकर लिखित शिकायत करवाई कि”हमारी समिति के द्वारा उचित मूल्य की दुकान जो छरछा बस्ती में संचालित है,वहां से दिनांक 4 फ़रवरी 2024 एवं 05 फ़रवरी 2024 की दरम्यानी रात में दुकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने दुकान में रखे 150 क्विंटल चावल और 1 क्विंटल 50 किलो शक्कर की चोरी कर ली गई है।उक्त शिकायत विश्वास से परे होने पर इसकी तसदीक किया जा रहा था। इसी दौरान दिनांक 19.02.2024 को नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने पदभार ग्रहण करते ही सर्वप्रथम इस मामले में गंभीरता दिखाते हुए प्राथमिकता के आधार पर चोरों को पकड़ने पर जोर दिया।
पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में इसकी जाँच एवं तसदीक की जा रही थी। जिस पर पाया गया कि उस समिति के उपाध्यक्ष का पति राजेश कुर्रे जो POS मशीन चलाता था,माह जून 2022 से उचित मूल्य के दुकान का राशन प्रत्येक माह 10-10, 15-15 क्विंटल करके गांव के छोटे व्यापारियों को बिक्री कर देता था,प्रत्येक माह पी.डी.एस. का माल अग्रिम दुकान में आता था और उसे दुकान के हितग्राहियों के नज़र से ओझल कर फ़र्ज़ी तरीके से एक माह बाद उनका राशन भुगतान करता था।
उक्त खाद्य दुकान का स्टॉक खाद्य निरीक्षक के द्वारा जाँच किया गया, जिसमे पाया गया कि माह जनवरी, 2024 में 177 क्विंटल चावल कम है।मामले की जांच करने पर पता चला कि अध्यक्ष उमाशंकर सिंह एवं उस समिति के उपाध्यक्ष का पति राजेश कुर्रे द्वारा षड़यंत्र रचकर स्वयं दुकान में लगे ताला को तोड़कर चोरी की शिकायत की गई है एवं चोरी किये गए चावल को राम गुलाब साहू आ. दाउ राम साहू, उम- 45 वर्ष सा. छिंदडांड बैकुण्ठपुर थाना चरचा द्वारा क्रय किया गया है। प्रकरण में 02 आरोपी राम गुलाब साहू आ.दाउ राम साहू, उम- 45 वर्ष सा. छिंदडांड बैकुण्ठपुर थाना चरचा एवं उमा शंकर सिंह आ. स्व.मनोहर सिंह उम्र-51 वर्ष, सा.छरछा बस्ती थाना – चरचा को धारा-409, 120 (B) के तहत अपराध कायम कर गिरफ्तार किया गया है, समिति के उपाध्यक्ष का पति राजेश कुर्रे अभी भी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी जल्द ही की जावेगी।
इस प्रकरण के खुलासे में पुलिस अनुविभागीय अधिकारी बैकुंठपुर श्रीमती कविता ठाकुर, थाना प्रभारी चरचा निरीक्षक अनिल किण्डों, प्रधान आरक्षक सत्येंद्र तिवारी,आरक्षक उमेश्वर राजवाड़े, सैनिक जुपेन्द्र कुशवाहा का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
