चोरी किए गए आभूषण एवं चोरी करने में प्रयुक्त वाहन जप्त।
पहली बार छत्तीसगढ़ में की चोरी और पहली बार में ही पकडे गए,फैक्ट्री में काम ढूंढने के बहाने चोरी के लिए करते थे रेकी।
सुरेन्द्र मिनोचा
बैकुंठपुर/कोरिया :- ज्वेलरी शॉप के शटर का लॉक तोड़कर चोरी करने वाले चार आरोपियों को कोरिया पुलिस ने महज 72 घंटे के भीतर सिंगरौली मध्य प्रदेश से गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। चोरों के पास से चोरी किए गए समस्त आभूषणों एवं चोरी में प्रयुक्त किए गए वाहन को भी पुलिस द्वारा जप्त कर लिया गया है। उपरोक्त संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 19.02.2024 को थाना पटना अंतर्गत ग्राम रनई स्थित लालकुवर ज्वेलर्स एण्ड मेटालाइज शोरूम में शटर का लॉक तोड़कर हुई चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराने हेतु शो रूम के मालिक बसंतलाल ने थाना पटना में उपस्थित होकर चोरी की सूचना दी। सूचना मिलने के उपरांत तत्काल थाना प्रभारी पटना द्वारा नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक कोरिया सूरज सिंह परिहार को अवगत कराया गया।पुलिस अधीक्षक द्वारा घटनास्थल का स्वयं जायज़ा लेकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कोरिया श्रीमती मोनिका ठाकुर के मॉनिटरिंग में पुलिस अनुविभागीय अधिकारी बैकुंठपुर श्रीमती कविता ठाकुर के नेतृत्व में थाना पटना एवं सायबर सेल कोरिया की संयुक्त टीम गठित की गई।घटना स्थल के निरीक्षण पश्चात प्रकरण के निराकरण,चोरी हुए माल की बरामदगी और चोरो को यथाशीघ्र पकड़ने हेतु निर्देशित किया गया।

उक्त टीम द्वारा घटना स्थल का बारीक निरीक्षण कर चोरो को पकड़ने एवं चोरी हुए सामानों को बरामद करने के लिए आवश्यक विवेचना प्रारम्भ की गई,जिसमें सर्वप्रथम दुकान मालिक ने बताया कि दिनांक 18.02.2024 को रात्रि में 1.30 बजे से 3.00 बजे के बीच मकान में स्थित शो-रूम के शटर का लॉक तोड़कर चांदी एवं अन्य आभूषण के जेवरात कुल 4 लाख 14 हजार रूपये की चोरी हुई है, साथ ही डब्बे एवं जार को जिसमे ज्वेलरी रखा हुआ था, उसे बाहर फेक दिया गया है।
इसके पश्चात कोरिया पुलिस की टीम द्वारा सभी संदेहियों से पूछताछ करना प्रारम्भ किया गया और उच्च स्तरीय विवेचना में कोरिया पुलिस की टीम द्वारा सभी स्थानों का बारीकी से निरीक्षण कर सभी आरोपियों के पता तलाश हेतु जांच पड़ताल की गई।चारों आरोपियों के जिला सिंगरौली म.प्र. के होने की जानकारी प्राप्त हुई, जिस आधार पर तत्काल एक टीम सिंगरौली जाकर सभी आरोपियों को महज कुछ ही घंटों में दिनांक 21.02.2024 को आरोपीगण जगदीश बसोर, दलसाय बसोर,रामस्वरूप उर्फ़ गोपी,धर्मेंद्र बसोर को सिंगरौली के मध्य प्रदेश से गिरफ्तार कर उनके पास से 11.5 किलो ग्राम चांदी एवं 1.400 किलोग्राम आर्टिफिशल आभूषण कुल 4 लाख 14 हजार रूपये एवं चोरी में संलिप्त वाहन टाटा इंडिका कार वाहन क्रमांक MP 66 C 2719 को बरामद कर आरोपियों के विरुद्ध थाना पटना के अपराध क्रमांक 36/2024 धारा 457, 380, 34 भा. द. वि. के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपियों को न्यायिक रिमांड हेतु पेश किया गया है।
“चोरो ने किस प्रकार दिया चोरी को अंजाम”
कोरिया पुलिस की टीम थाना पटना प्रभारी शीतल सिदार एवं उनकी टीम द्वारा चोरो से वारदात करने के तरीके की पूछताछ पर उन्होंने बताया कि दिनांक 17.02.2024 को सिंगरौली से कुदरगढ़ में दर्शन के बहाने चोरी की नियत से भैयाथान आये। भैयाथान में ज्वेलरी शाप में चोरी का प्रयास करने पर वहां के दुकान मालिक और अन्य लोगो को भनक लगी, जिनके द्वारा पकड़ने का प्रयास किया गया लेकिन सभी चोरी के आरोपी वहां से भाग निकले।आगे चलकर गाड़ी पंचर होने से उसे बनवाने की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण वह भैयाथान से पटना आ गए। दिनांक 18.02.2024 को पटना में ट्रैक्टर की सहायता से गाड़ी को टोचन करके सूरजपुर आ गए।

गाड़ी के बनने के बाद दिनांक 18.02.2024 की रात रनई में सबसे पहले मेटल एवं ज्वेलरी शॉप बॉसपारा में चोरी का प्रयास किये, किन्तु उक्त दुकान में बर्तन की सामग्री होने से वहां चोरी नहीं किये, फिर इसके बाद लालकुवर ज्वेलर्स एन्ड मेटालाइज में शटर का लॉक तोड़कर चोरी किए, जिसमे इन्होने अपने गाड़ी चालक धर्मेंद्र को आगे इंतजार करने को कहां और शेष 03 चोरी के आरोपी चैन बनाकर सभी सामान को दुकान से बाहर निकलकर लगभग 07-08 किलोमीटर पैदल चले फिर गाड़ी में बैठकर भाग निकले।बहरहाल चोरी के चारों आरोपी गिरफतार कर लिए गए हैं।
सम्पूर्ण कार्यवाही में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका ठाकुर के मॉनिटरिंग में पुलिस अनुविभागीय अधिकारी बैकुंठपुर कविता ठाकुर, उप पुलिस अधीक्षक राजेश साहू, प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक रविकांत सहारे, प्रभारी पटना शीतल सिदार, निरीक्षक विनोद पासवान,थाना प्रभारी झिलमिली फर्दीनंद कुजूर, उप निरीक्षकनीलमणि कुजूर,आ. अमरेश ठाकुर, आ. सजल जायसवाल, आ. शिवम सिन्हा, आ. अजीत राजवाड़े, आ. रामयण सिंह, आ. विमल जायसवाल,आ. अमल कुजूर, आ. अनुज बखला एवं सूरजपुर जिले के भैयाथान थाना से आ. राकेश कुमार, आ. हेमन्त सिंह का विशेष योगदान रहा।
