*आपका प्लाज्मा दान कोरोना पीड़ित के लिए बन सकता है संजीवनी:योगेश*
मुकेश कश्यप@कुरुद:-कोरोना महामारी की भयावहता आज इतनी बढ़ चुकी है कि आज हमें सजगता और सतर्कता के साथ साथ इंसानियत की रक्षा के लिए आगे आकर मदद करने की भी जरूरत है। कोरोना का संक्रमण आज इतना हावी हो चुका है कि देश-प्रदेश के चिकित्सा संस्थानों के संसाधन कम होते जा रहे हैं।पीड़ित गंभीर कोरोना मरीजों की मदद के लिए आज सिर्फ दो ही अतिआवश्यक विकल्प कारगर है पहला वेंटिलेटर और दूसरा प्लाज़्मा थैरेपी से इलाज। वेंटिलेटर की व्यवस्था चिकित्सा प्रशासन के हाथ मे है,लेकिन प्लाज्मा की व्यवस्था हम सब आगे आकर कर सकते हैं। एक गंभीर कोरोना पीड़ित व्यक्ति के लिए आपके द्वारा दिया गया प्लाज्मा संजीवनी बन सकता है।
नगर के जनसेवक योगेश चन्द्राकर ने कहा कि मेरा व्यक्तिगत अनुभव है कि जिस तरह से हम रक्तदान करके लोगो का जीवन बचाते आये हैं ठीक उसी तरह आसानी से प्लाज्मा भी डोनेट कर सकते हैं और किसी की जिंदगी बचा सकते हैं । किसी परिवार के दुख में मदद करके पीड़ित परिवार की खुशियां वापस ला सकते हैं।हमारा कुरुद क्षेत्र अपनी जागरुकता के लिए जाना जाता है और इसी कदम पर मदद करने के लिए नीरज चन्द्राकर और ख़िरीराज साहू ने भी प्लाज्मा दान करने हेतु आगे आये। मैं उन सभी कोरोना संक्रमण से स्वस्थ हो चुके माताओं बहनों और नागरिकों से विनम्र निवेदन करना चाहता हूं कि आप सभी के शरीर मे एंटीबॉडी विकसित हो चुकी है जिसका प्लाज्मा किसी गंभीर कोरोना मरीज के लिए जीवनदायी हो सकता है और आप इंसानियत की रक्षा के लिए एक प्रबल माध्यम हो सकते हैं।इसलिए कोरोना महामारी के बीच लोगों की जिंदगी बचाने आगे अवश्य आएं।
योगेश ने आगे कहा कि जनसेवा के लिए बढाया गया आपका यह कदम किसी के जींवन में काम आ सकता है।अब समय आ गया है कि हम प्लाजमा की व्यवस्था कर पीड़ित लोगों की सेवा में उपयोग कर पुण्य कमाए।मैं नगर,ग्रामीण अंचलों एवं जिलेवासियों को यही सन्देश देना चाहूंगा कि अगर आपके पास प्लाज्मा डोनर की व्यवस्था करने वाले हितग्राही हो तो वे कोरोना पीड़ित लोगों के लिए इसे दान कर पुण्य के भागी बने।
