छत्तीसगढ़ के इस बजट से 2 साल मे ही हो जायेगा प्रदेश का कायाकल्प शुरू- सतीश।

सुरेन्द्र मिनोचा
एमसीबी :- युवा वित्त मंत्री छत्तीसगढ़ ओ पी चौधरी ने बड़े आत्मविश्वास एवं दूरदर्शी विजन के साथ तैयार बजट पेश किया , जो आगामी 5 साल के कार्य का स्पष्ट विजन भी है ।
हिंदी, अंग्रेजी ,छत्तीसगढ़ी के साथ उन्होंने बड़े प्रभावी ढंग से सदन मे छत्तीसगढ़ का बजट पेश किया एवं सरकार के 5 साल के लक्ष्य को भी सामने रखा ।
इस बजट को देखकर ऐसा लगता है कि छत्तीसगढ़ को विकासशील से विकसित राज्य बनाने में कोई कसर बाकी नहीं होगी।हालांकि पूर्ववर्ती भूपेश सरकार ने खजाना खाली करके दिया था, लेकिन फिर भी यह सरकार इतनी कम समय में भी सुशासन की तरफ बढ़ रही है।उन्होंने बजट में 10 प्रमुख आधार स्तंभ बताए एवं'” ज्ञान “GYAN”की थीम दी, जिसमें उल्लेखनीय लक्ष्यो में नालंदा के तर्ज पर 22 शहरों में नालंदा परिसर खोलने की घोषणा ,पांच शक्तिपीठ परियोजना के लिए स्वीकृति, आदिवासी भाषा विकास परिषद का गठन , पर्यटन योजना, महिला सदन योजना एवं मोदी की 11 गारंटी पूरी करने की योजना इसमें विशेष रूप से समाहित है।
बिजली बिल हाफ योजना से मिलने वाली विद्युत उपभोक्ताओं को राहत बरकरार रहेगी।बजट की खास बात यह रही कि बिना किसी कर में वृद्धि के प्रदेश का राजस्व बढ़ाने वाला यह बजट है ।इससे यह पता चल रहा है कि सरकार की प्राथमिकताएं क्या होगी एवं आने वाले समय में यह सरकार विकसित छत्तीसगढ़ के सपने को किस तरीके से पूरा करने वाली है।
इसमें छत्तीसगढ़ी युवा रत्न सम्मान देने की घोषणा भी की गई है ।रामलला दर्शन ,गरीब, युवा ,अन्नदाता और नारी को थीम के आधार पर यह बजट 10 स्तंभों पर खड़ा है।जिसमें छत्तीसगढ़ विजन2047 तक का लक्ष्य रखा गया है।छत्तीसगढ़ आर्थिक सलाहकार परिषद का गठन, नई उद्योग नीति ,स्टार्ट अप छत्तीसगढ़ ,आईटी उद्योग आदि ऐसे विशेष विजन रखे गए हैं जिससे प्रदेश का 5 साल में निश्चित रूप से विकास हो सकता है।
स्वास्थ्य सुविधाओं के मामले में पिछड़े सरगुजा जिले के जिला मुख्यालय अंबिकापुर को भी सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल की मंजूरी मिल गई है ।राज्य सरकार ने बजट में इसके लिए 50 करोड़ का प्रावधान किया है।बैकुंठपुर में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने जिला अस्पताल को मॉडल जिला अस्पताल बनाए जाने की घोषणा मंच से की थी इसी घोषणा के अनुसार बजट में इसे शामिल कर लिया गया है ।अब जिला कोरिया को भी जिला चिकित्सालय में बेहतर चिकित्सा मिल सकेगी।वही मनेद्रगढ़ में 220 बिस्तर वाले अस्पताल की स्थापना की जाएगी।बजट में जितना ध्यान मनेद्रगढ़ का रखा गया है उतना ही ध्यान कोरिया जिले का भी रखा गया है।
मनेद्रगढ़ -चिरमिरी -भरतपुर और कोरिया जिले के विकास एवं व्यापारिक क्षेत्र में उत्थान के लिए रेलवे की बहुप्रतीक्षित लंबित रेल परियोजना -“चिरमिरी नागपुर की नई रेल लाइन के लिए 120 करोड़ का प्रावधान प्रस्तुत बजट में किया गया है। नागपुर हाल्ट स्टेशन से चिरमिरी तक नई रेल लाइन की सुविधा से ट्रेनों की आवाजाही बढ़ जाएगी।चिरमिरी से नागपुर तक लगभग 12 किलोमीटर रेलवे लाइन बन जाने से चिरमिरी तक जाने वाली ट्रेनों को अंबिकापुर तक बढ़ाया जा सकता है।जिसे मोदी सरकार के पहले कार्यकाल में मंजूरी दी गई थी, इसके लिए स्थानीय वकील विजय प्रकाश पटेल ने भी 4 साल तक घंटा नाद सत्याग्रह किया है।अब इस रेल लाइन के बन जाने से मनेद्रगढ़ के व्यापारिक क्षेत्र में भी तेजी आएगी।