पुष्पांजलि देवांगन रिपोर्टर
उड़ीसा :- छत्तीशगढ़ की सीमा से लगे ओडिशा के नुआपड़ा जिले के सुनाबेड़ा अभ्यारण्य में शुक्रवार सुबह नक्सलियों व सीआरपीएफ के जवानों के बीच मुठभेड़ हो गई। करीब एक घंटे तक दोनों ओर से गोलीबारी होती रही। इसके बाद जवानों को भारी पड़ते देख नक्सली मौके से भाग खड़े हुए।
प्राप्त जानकारी अनुसार, शुक्रवार अल सुबह द्वितीय कमान अधिकारी कृपाराम कंवर के नेतृत्व में सीआरपीएफ और पुलिस के कुल 47 जवानों की एक टुकड़ी नै सुनाबेड़ा अभयारण्य में डाग स्क्वायड के साथ सर्च एंड डिस्ट्राय आपरेशन शुरू किया था। बरकोट सीआरपीएफ कैंप से करीब ढाई किलोमीटर दूर पतिडोंगर संरक्षित वन के पास जवान सचिंग करते हुए आगे बढ़ रहे थे। इस दौरान बारहखोल इलाके में पहाड़ियों पर घात लगाए बैठे नक्सलियों ने जवानों पर फायरिंग शुरू कर दी। जवानों ने भी तुरंत मोर्चा संभाला और जवाबी कार्रवाई की।नक्सलियों ने करीब पांच राउंड तो वहीं जवानों ने करीब 50 राउंड गोलियां चलाई। घटना के बाद सीआरपीएफ 216 बटालियन के कमाडेंट एरिक गिल्बर्ट जोश समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। कमांडेंट एरिक गिल्बर्ट जोश ने नईदुनिया को बताया कि जवानों ने दो बार अंडर बैरल ग्रेनेड लान्चर से भी फायर किया।

जवानों को भारी पड़ता देख नक्सली पहाड़ और घने जंगल की आड़ लेकर भागने में सफल हो गए। मुठभेड़ के दौरान दो वर्दीधारी नक्सलियों को देखा गया है, लेकिन नक्सलियों की कुल संख्या पांच से सात होने का अनुमान लगाया जा रहा है। इलाके में सर्चिग तेज कर दी गई है।

मुठभेड़ में दोनों ओर से कोई हताहत नहीं हुआ है, लेकिन गोलीबारी का शिकार होने से एक आवारा कुत्ते की मौत होने की जानकारी सामने आई है।
