बीजापुर – बस्तर सांसद महेश कश्यप की अध्यक्षता में शुक्रवार 12 जून को सांसद सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान को प्रभावी बनाने के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई।बैठक में पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र यादव एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों ने वर्षवार सड़क दुर्घटनाओं, यातायात विभाग द्वारा की गई कार्रवाई, नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों से वसूले गए समन शुल्क, स्पीड ब्रेकर, संकेतक बोर्ड, ट्रैफिक कॅामिंग मेजर्स, स्कूली बसों की फिटनेस जांच तथा सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रमों की जानकारी पीपीटी प्रस्तुतीकरण के माध्यम से दी।सांसद महेश कश्यप ने सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए सभी आवश्यक उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन में यातायात नियमों के प्रति व्यापक जन-जागरूकता लाना और नियमों का पालन सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है। साथ ही अधिक से अधिक लोगों के ड्राइविंग लाइसेंस बनाए जाने पर भी जोर दिया। उन्होंने सड़क सुरक्षा से संबंधित योजनाओं जैसे गुड सेमेरिटन योजना, नगदी रहित उपचार योजना तथा हिट एंड रन मुआवजा समिति के बारे में व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश देते हुए कहा कि इन योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचनी चाहिए, ताकि जरूरतमंदों को समय पर लाभ मिल सके।बैठक में क्षेत्रीय विधायक विक्रम शाह मंडावी,जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती जानकी कोरसा, नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती गीता सोम पुजारी, विभिन्न जनपद पंचायतों के अध्यक्ष, जिला पंचायत सदस्य, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि, कलेक्टर विश्वदीप, जिला पंचायत सीईओ श्रीमती नम्रता चौबे, अपर कलेक्टर भूपेन्द्र अग्रवाल सहित परिवहन एवं अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। सांसद ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़क सुरक्षा को जनआंदोलन का स्वरूप देते हुए दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए समन्वित एवं प्रभावी प्रयास किए जाएं।
