बहुरूपिया कलाकारों को देखने उमड़ा जनसैलाब।
सुरेन्द्र मिनोचा
मनेन्द्रगढ़ :- विलुप्त होती बहुरूपिया कला को प्रोत्साहित करने व विदा वर्ष को खुशनुमा बनाने के उद्देश्य से क्षेत्र के समग्र विकास हेतु संकल्पित संस्था मनेंद्रगढ़ सांस्कृतिक मंच द्वारा 31 दिसंबर रविवार को बहुरूपिया प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया।मध्यान्ह 12 बजे से सायं साढ़े 5 बजे तक बहुरूपिया कलाकारों ने अपनी भाव-भंगिमा व उत्कृष्ठ कला से नगरवासियों व बाहर से आये जनसैलाब का भरपूर मनोरंजन किया।

बहुरूपिया प्रतियोगिता में एकल और समूह मिलाकर कुल 70 प्रतिभावान कलाकारों में बाल विवाह अपराध, नशामुक्त भारत अभियान, स्वास्थ्य के लिए हानिकारक शराब, जय जवान-जय किसान-जय विज्ञान, कम उम्र में घर का बोझ उठाती नारी, ऑनलाइन बाजार से रोजी रोटी को खतरा, महंगाई की मार झेलती लाडली बहना, लैला-मजनू, भारत माता, जंगल बचाओ आदिवासी आंदोलन, छत्रपति शिवाजी, चंद्रयान-3, छत्तीसगढ़ महतारी, गौरैया चिड़िया, चलो अयोध्या धाम, देश का सिपाही, शिव का अर्द्धांगिनी रूप, भगवान कृष्ण, काला बाबा, जोकर, काशी के अघोरी और महादेव, अंधविश्वास उन्मूलन करते सर्वधर्म बाबा, वृद्ध माता-पिता, सिकंदर, हनुमान, मदर टेरेसा, बिच्छू, नरसिंह अवतार, एड्स से बचाव, आत्मरक्षा के लिए बेटियों को प्रशिक्षण, सड़क दुर्घटना से बचाव के लिए जागरूकता लाते यमराज, गौवंश संरक्षण का संदेश देते विभिन्न रूप अख्तियार किए बहुरूपिया कलाकारों ने नगरवासियों का भरपूर मनोरंजन कर अपनी कला के माध्यम से शहर की जनता का ध्यान अपनी ओर आकृष्ट किया।

सायं साढ़े 5 बजे तक बहुरूपिया कलाकारों के प्रदर्शन के बाद पुरस्कार वितरण समारोह स्थल श्री राम मंदिर प्रांगण में किया गया। नगर के 10 विभिन्न स्थानों पर बैठे निर्णायकों के द्वारा बहुरूपिया कलाकारों को जमकर परखा गया। पहली बार कार्यक्रम का लाइव प्रसारण पूरे छत्तीसगढ़ में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल, मरवाही विधायक प्रणव कुमार मरपच्ची, कलेक्टर नरेंद्र दुग्गा, एडिशनल एस पी निमेष बरैया, एसडीओपी ए. टोप्पो, एस डी एम अभिलाषा पैकरा, तहसीलदार श्री तिवारी , जनपद अध्यक्ष डा. विनय शंकर सिंह,नपाध्यक्ष प्रभा पटेल, समाजसेवी कैलाश खेड़िया, भाजपा नेता लखन लाल श्रीवास्तव, संजय अग्रवाल, राहुल सिंह, सरजू यादव, धर्मेंद्र पटवा रहे। मंच का संचालन रामचरित द्विवेदी ने किया।राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
“सेल्फी विद बहुरूपिया”
बहुरूपिया महोत्सव का लुत्फ उठाने उमड़े जनसमुदाय ने न केवल कलाकारों का हौसला बढ़ाया, बल्कि उनके साथ सेल्फी लेने के लिए भी लोगों की कतार लगी रही। नागरिकों ने कहा कि बहुरूपिया कलाकारों के साथ सेल्फी लेकर वे इस पल को यादगार बना देना चाहते हैं। नागरिक जब कलाकारों के साथ मोबाइल पर सेल्फी ले रहे थे तो बहुरूपिया कलाकार भी पूरे जोश और उमंग के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे थे।

“कलाकारों ने सामाजिक बुराईयों को किया उजागर”
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने कहा कि बहुरूपिया प्रतियोगिता अनूठी प्रतियोगिता है, जिसमें बहुरूपिया कलाकारों द्वारा जीवन के अनेक पहलुओं को जीते हुए सामाजिक बुराईयों को उजागर किया गया। उन्होंने कहा कि इस आयोजन ने हमारी संस्कृति, सभ्यता को सामने रखा है। उन्होंने आयोजन के लिए सांस्कृतिक मंच के सभी सदस्यों को बधाई देते हुए नववर्ष की शुभकामनायें दी। स्वास्थ्य मंत्री ने मंच से एमसीबी जिले को बड़ी सौगात देते हुए मनेंद्रगढ़ और चिरमिरी को स्वास्थ्य के क्षेत्र में मॉडल बनाने की घोषणा की साथ ही कहा कि इलाज के लिए क्षेत्र से किसी मरीज के रायपुर पहुंचने पर वहां उनके ठहरने और इलाज की संपूर्ण व्यवस्था किए जाने का प्रयास किया जाएगा।
“एकल में वीर हनुमान बने अर्जुन व समूह में अंधविश्वास उन्मूलन के गुरूचरण ने मारी बाजी”
बहुरूपिया प्रतियोगिता में एकल वर्ग में अर्जुन जायसवाल – वीर हनुमान प्रथम, हरिराम यादव – सिकंदर द्वितीय एवं बिच्छु बने करन बसोर प्रतिभागी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार समूह में गुरूचरण सिंह कालरा – अंधविश्वास उन्मूलन प्रथम, सुनील केशरवानी – चंद्रयान द्वितीय व ऑनलाइन खरीदी – सरगुजा समिति ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं प्रतियोगिता में टॉप टेन प्रतिभागियों में सोमू यादव, सूरजभान केशरवानी – गौरैया चिड़िया, श्रवण कुमार – कृष्णा, गोविंद यादव – हसदेव बचाओ अभियान, इंद्रपाल सिंह – ऑक्सीजन मैन, संतोष कुमार यादव – नरसिंह अवतार, मुन्ना एंड गु्रप – एड्स से बचाव, ईश्वर दीवान – गौ रक्षा, अंश सोंधिया – चलो अयोध्या धाम, मां दुर्गा गु्रप – जंगल की रक्षा शामिल रहे।
