शहर के सुप्रसिद्ध दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल में मनाया गया भारतीय भाषा उत्सव।

सुरेन्द्र मिनोचा
मनेंद्रगढ़ :- भारतीय साहित्य के पुरोधा, स्वतंत्रता सेनानी व राष्ट्रवादी महाकवि भारतियार सुब्रमन्य भारती के जन्मोत्सव पर शहर के सुप्रसिद्ध दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल में भारतीय भाषा उत्सव मनाया गया। विद्यालय के प्राचार्य डॉ.बसन्त तिवारी द्वारा महाकवि तथा माता सरस्वती की तस्वीर के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई।

कार्यक्रम के विषय वस्तु को मद्देनजर रखते हुए विद्यालय के छात्र- छात्राओं ने भारतीय राज्यों के विभिन्न क्षेत्रीय भाषाओं में गायन, नृत्य, भजन, एकल प्रस्तुति इत्यादि में मनमोहक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। छात्र-छात्राओं के गुजराती, राजस्थानी, बांग्ला, मराठी, कन्नड, तमिल, मलयालम, मैथिली इत्यादि भाषाओं के एक ही मंच पर संयोजन ने संपूर्ण एकीकृत भारत के वास्तविक स्वरूप का अहसास कराया।

प्राचार्य डॉ. तिवारी ने भाषा के समन्वय के साथ साथ जिंदगी के हर पहलू के आपस में समन्वय करने को सफलता का मंत्र बताते हुए कार्यक्रम की समाप्ति की।