सेवानिवृत्ति पर शिक्षिका को दी गई भावभीनी विदाई।

सुरेन्द्र मिनोचा
मनेन्द्रगढ़ :- विद्यालय परिवार उनके कार्यों को सदैव याद रखेगा। उनकी कुशल कार्यक्षमता व उत्कृष्ट योगदान हमारे लिए प्रेरणास्त्रोत हैं।ये सेवानिवृत्त जरूर हुई हैं पर सेवा के दायित्वों से नहीं।इनके मार्गदर्शन की हमें हमेशा अपेक्षा रहेगी।उक्त बातें शहर के प्रतिष्ठित सरस्वती विकास विद्यालय प्रांगण में आयोजित सेवानिवृत्त शिक्षिका  रूबी बैनर्जी के विदाई समारोह को संबोधित करते हुए विद्यालय समिति के अध्यक्ष पूनम चंद्र अग्रवाल ने कही।सरस्वती विकास विद्यालय मनेन्द्रगढ़ की वरिष्ठ शिक्षिका  रूबी बैनर्जी को उनके सेवाकाल पूर्ण होने पर विद्यालय परिसर में भावभीनी विदाई दी गई. इस अवसर पर विद्यालय समिति केअध्यक्ष पूनम चंद अग्रवाल एवम समिति के पदाधिकारी कमल केजरीवाल, संस्था प्राचार्य वेद प्रकाश पांडे व शिक्षक -शिक्षिका मौजूद रहे। बैनर्जी अपने शांत स्वभाव और एक कर्मठ व्यक्तित्व के रूप मे जानी जाती रहीं हैं,अपने 38 साल के कार्यकाल मे उन्होंने कभी किसी कार्य के लिए न शब्द का उपयोग नहीं किया।


इस मौके पर विद्यालय प्रबंध समिति के पूर्व अध्यक्ष कमल केजरीवाल ने अपने उद्बोधन में कहा किआज एक ऐसे शिक्षिका का रिटायरमेंट हुआ जिन्होंने अपनी सेवा के 38 वर्ष एक ही स्कूल में गुजार दिए।आज जब उनकी विदाई हुई तो हर आंख नम हो गई। लोगों ने उन्हें भावुक होकर विदाई दी।आपको शायद यह जानकर आश्चर्य होगा लेकिन इस स्कूल में पदस्थ शिक्षिका  रूबी बैनर्जी ने शिक्षा जगत में एक ऐसी ही मिसाल कायम की जो हर किसी के लिए प्रेरणास्पद रहेगी।


संस्था प्राचार्य वेद प्रकाश पांडे ने अपने उद्बोधन में कहा कि विद्यालय परिसर में उनकी कमी हमेशा महसूस होती रहेगी।अपने सेवा काल में उन्होंने जिस तरह से अपने शैक्षणिक दायित्वों का निर्वहन किया उसकी प्रशंसा करने के लिए मेरे पास शब्द कम पड़ रहे हैं।मैं उन्हें अपनी ओर से उनके दायित्व के कुशल निर्वहन के लिए और आगामी भविष्य के लिए शुभकामनाएं देता हूं। विद्यालय के शिक्षक शिक्षिकाओं ने उन्हें पुष्पमाला पहनाकर भावभीनी विदाई दी।सभी उनके सेवाकाल की चर्चा कर रहे थे। इस अवसर पर विद्यालय परिवार की  ममता अग्रवाल, हीरालाल केवट, पी एन तिवारी समेत विद्यालय के छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।विदाई समारोह के अंत में  रूबी बैनर्जी ने कहा कि इस विद्यालय से उन्हें जो अपनापन मिला है उसे वे कभी नहीं भूल पाएंगी,उन्होंने आयोजन के लिए सभी शिक्षकों विद्यालय समिति के सभी पदाधिकारी, छात्र -छात्राओं के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हुए सभी के उज्जवल भविष्य की कामना की।