
सुरेन्द्र मिनोचा
मनेन्द्रगढ़ :- राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 43 में दो अलग-अलग सड़क दुर्घटना में कुल पांच लोगों की मृत्यु हो गई है एवं तीन अन्य लोग घायल हो गए हैं।हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 43 में नागपुर एवं बरबसपुर के पास हुआ।वहीं नागपुर हाईवे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। उपरोक्त संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 43 मनेंद्रगढ़ अंबिकापुर मार्ग पर बीती रात चौघड़ा मनेन्द्रगढ़ निवासी दल सिंह एवं राहुल सिंह मोटरसाइकिल से मनेन्द्रगढ़ से बैकुंठपुर की ओर जा रहे थे,इस दौरान रात्रि लगभग 11:00 बजे उनकी मोटरसाइकिल सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई, इस हादसे में मोटरसाइकिल सवार दोनों युवक बुरी तरह घायल हो गए,दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया जहां डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

दूसरी घटना बुधवार की सुबह लगभग 11:00 बजे उस वक्त हुई जब शराब के नशे में धुत्त कार चालक ने सड़क से विपरीत दिशा से आ रहे दो मोटरसाइकिल सवार को ठोकर मार दी इस हादसे में दो युवकों समेत एक युवती की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मृतकों में एक सेमरा निवासी शंकर राय है तथा दो अन्य बड़वार सूरजपुर निवासी बिलाल, सायरा बानो हैं।इस घटना में मृतक शंकर राय के परिजन अस्पताल में पहुंच गए।वहीं घायलों में बचरापोड़ी निवासी नीता जायसवाल एवं कोतमा मध्य प्रदेश निवासी राजेंद्र यादव,किशन बैगा का नाम सामने आया है।बताया जाता है कि जिस कार से दुर्घटना घटित हुई उसका चालक शराब के नशे में धुत था तथा कार में 4 से 5 लोग सवार थे, कार में सवार 2 घायलों को छोड़कर ड्राइवर सहित सवार अन्य लोग भीड़ का फायदा उठा कर मौके से ही फरार हो गए।फिलहाल पुलिस मामले की जांच करने में जुट गई है।
