
गरियाबंद :- कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आकाश छिकारा ने मतदान करने के उपरांत जिले के शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला ग्राम पारागांव स्थित संगवारी मतदान केन्द्र क्रमांक – 11 एवं शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला ग्राम सढ़ौली स्थित आदर्श संगवारी मतदान केन्द्र का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मतदान केन्द्र पारागांव में मताधिकार का प्रयोग करने व्हील चेयर में आयी दिव्यांग सुश्री अनुराधा गुप्ता को पुष्पहार भेंट कर मतदान करने के लिए प्रोत्साहित किया। इस दौरान अनुराधा ने बताया कि वे सभी निर्वाचन में अपने मताधिकार का प्रयोग करते है।

इसी तरह गर्भवती माता श्रीमती शशिका ध्रुव, युवा मतदाता शिवांगी, हेमलता ने बताया कि वे पहली बार वोट डालने आ रहे है। वे अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए उत्साहित है। इस दौरान कलेक्टर छिकारा ने मतदान के लिए आये मतदाताओं को लोकतंत्र के इस महापर्व में शामिल होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने तथा छुटे हुए मतदाताओं को मतदान करने के लिए प्रेरित करने की अपील की।

कलेक्टर ने मतदान केंद्र में उपस्थित सुरक्षा बल के जवानों, अधिकारी – कर्मचारियों को पूरी निष्ठा से अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रोत्साहित किया। कलेक्टर ने मतदान केंद्र में उपस्थित सभी मतदाताओं को जागरूकता के साथ मतदान करने के लिए बधाई देते हुए शुभकामनाएं दी।
