
महासमुंद :- विधानसभा निर्वाचन 2023 के महापर्व में दूसरे चरण में 17 नवम्बर को होने वाले स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी मतदान के लिए महासमुंद जिले के चारों विधानसभा क्षेत्र के 1079 मतदान केन्द्रों के लिए कृषि उपज मंडी महासमुंद में सामग्री वितरण 16 नवम्बर को सुबह 06ः00 बजे से किया जाएगा। इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रभात मलिक ने आज मंडी परिसर पहुंचकर अंतिम तैयारियों का जायजा लिया एवं मौजूद कर्मचारियों से पूर्वाभ्यास करवाया।
जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों के लिए सामग्री का वितरण पिटियाझर स्थित मंडी परिसर से किया जाएगा। इसके लिए 16-16 काउंटर बनाए गए हैं। सामग्री वितरण हेतु प्रत्येक विधानसभा में 80-80 कर्मचारी नियुक्त किए गए है। सर्वप्रथम राजनीतिक दल की उपस्थिति में स्ट्रांग खोला जाएगा। तत्पश्चात मतदान दल के पीठासीन अधिकारी एवं मतदान अधिकारी अपने-अपने मतदान केंद्र के लिए सामग्री प्राप्त करेंगे और अपने निर्धारित मतदान केन्द्रों के लिए रवाना होंगे। इसके लिए 235 रूट चार्ट बनाए गए हैं। मतदान दलों में कुल 12,295 कर्मचारी उपलब्ध होंगे।
जिले में कुल 40 संगवारी मतदान केंद्र बनाए गए है। इसमें पीठासीन से लेकर मतदान दल क्रमांक 1, 2 और 3 सभी महिला कर्मचारी होंगे। इसी तरह चारों विधानसभा क्षेत्र में 1-1 मतदान केन्द्र दिव्यांग और 1-1 मतदान केन्द्र युवा प्रबंधित मतदान केन्द्र बनाए गए है। दिव्यांग मतदान केन्द्र में सभी अधिकारी-कर्मचारी दिव्यांग होंगे। इसी प्रकार युवा प्रबंधित मतदान केन्द्रों में सभी युवा अधिकारी होंगे। आदर्श मतदान केन्द्र 20 होंगे।
