जिले का चर्चित एवं नामचीन कबाड़ी चढ़ा पुलिस के हत्थे, लाखों का माल हुआ बरामद।

सुरेन्द्र मिनोचा

मनेन्द्रगढ़ :- गाड़ियों को काटकर अवैध कबाड़ बनाने के मामले में कार्यवाही करते हुए चोरी का सामान खरीदने वाले एक आरोपी को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है जबकि दो अन्य लोगों को नोटिस देकर छोड़ दिया गया है। पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा, पुलिस अधीक्षक एमसीबी के मार्ग दर्शन एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस के दिशा निर्देशन में पुलिस को कबाड़ चोरी के मामले में बड़ी सफलता प्राप्त हुई है।

उपरोक्त संबंध में मिली जानकारी के अनुसार दो दिन पूर्व पुलिस टीम को पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से तीन वाहनों में अवैध कबाड़ होने की सूचना मिली,जिस पर पुलिस ने तीनों वाहनों की जांच कर अनूपपुर मध्यप्रदेश निवासी मोहन सिंह पिता केवल सिंह, अमृत भारती पिता अनुज भारती 27 वर्ष को पकड़कर पूछताछ की, वहीं इनके साथ मौजूद एक अन्य वाहन का चालक फरार हो गया जिसकी पतासाजी पुलिस द्वारा की जा रही है।

जांच उपरांत पुलिस ने मोहन सिंह तथा अमृत भारती के विरूद्ध धारा 41-1 के तहत नोटिस देकर छोड़ दिया। वहीं इस प्रकरण में चुनमुन उर्फ रियाजुद्दीन नामक व्यक्ति को चोरी का सामान खरीदने के आरोप में गिरफ्तार किया गया तथा आरोपी के गोदाम में अवैध रूप से रखे दो पहिया एवं जेसीबी के कटे हुए पार्ट्स को जप्त किया। इसके अलावा मौके पर 15 टन कबाड़ भी मिला जिसकी कुल कीमत 15 लाख रूपये आंकी गयी है। पुलिस द्वारा चुनमुन उर्फ रियाजुद्दीन को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।उक्त कार्यवाही में निरीक्षक कुमारी चन्द्राकर, सहायक उपनिरीक्षक किशन चौहान, सहायक उपनिरीक्षक बिपिन कुमार मिंज, सहायक उपनिरीक्षक राकेश शर्मा, प्रधान आरक्षक शंभूनाथ यादव, रमेश मौर्य, रवि सिंह, संजय कान्त, ज्ञानेश्वर राजवाड़े, गोविन्द साहू, मुख्य रूप से सक्रिय रहे।