मंगलवार से प्रारंभ हुए गणेश चतुर्थी पर्व पर क्षेत्र में उत्साह का माहौल।

सुरेन्द्र मिनोचा
मनेन्द्रगढ़ :- जिला मुख्यालय मनेन्द्रगढ़ में 100 से भी अधिक स्थानों में प्रथम पूज्य भगवान श्री गणेश की मूर्तियों की स्थापना कर विधि विधान से पूजा अर्चना की जा रही है।10 दिवसीय महोत्सव को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल बना हुआ है।मंगलवार से प्रारंभ हुए गणेश चतुर्थी पर्व का शुभारंभ धूमधाम से हुआ।इस अवसर पर जिला मुख्यालय के श्री श्री राम मंदिर मैदान, फुहारा चौक, भगत सिंह तिराहा, काली मंदिर रोड, विवेकानंद चौक ,नई सब्जी मंडी, स्टेशन रोड, मौहारपारा, आमाखेरवा, चैनपुर,पुरानी बस्ती, बदन सिंह मोहल्ला, नदी पार, जेकेडी रोड, सिविल लाइन समेत सभी चौक चौराहों में श्री गणेश जी की विभिन्न भाव भंगिमाओं को प्रदर्शित करती मूर्तियों की स्थापना की गई है मुख्य रूप से इस वर्ष श्री राम मंदिर मैदान में विराजमान मूर्ति की लोगों में चर्चा है,जहाँ बनारस घाट को प्रदर्शित करता आकर्षक पंडाल बनाया गया है। इस पंडाल में एक विशालकाय नाव में भगवान श्री गणेश के साथ ही साथ भगवान श्री राम लक्ष्मण और जानकी जी की मूर्तियां विराजित की गई है। पंडाल में यह प्रदर्शित हो रहा है कि भगवान श्री गणेश भगवान श्री राम को वनवास काल के दौरान गंगा पार करवा रहे हैं मूर्ति के साथ-साथ आकर्षक पंडाल का नजारा देखने हजारों की संख्या में लोग पूजा पंडाल पहुंच रहे हैं।

इस सम्बन्ध में जय भोले सेवा समिति के आकाश दुआ, सौरभ गुप्ता, आशीष अग्रवाल, दिनेश द्विवेदी,प्रणय शर्मा, संकेत शर्मा,अमित भोजवानी,गोलू केशरवानी,अमन अरोरा, गोलू रैना,ऋषि तिवारी, लक्की रैना ने बताया कि बीते कई वर्षों द्वारा जय भोले सेवा समिति द्वारा गणेश उत्सव किया जा रहा है, हमारा प्रतिवर्ष यह प्रयास रहता है कि पूजा पंडाल में लोगों को एक नया स्वरूप व एक नया भाव देखने को मिले।हिंदू पंचांग के अनुसार, गणेश चतुर्थी तिथि से अनंत चतुर्दशी तक 10 दिनों के दौरान गणेश जी की विधि-विधान के साथ उपासना की जाती है। गुरुवार 28 सितंबर को गणेश विसर्जन किया जाएगा।हर साल की तरह मनेन्द्रगढ़ में गणपति पूजा को लेकर खास तैयारियां की गईं है।मूर्तिकारों ने श्रद्धालुओं की पंसद के मुताबिक अलग-अलग तरीके की गणपति की मूर्तियां बनाई हैं।गणपति के भोग के लिए मिठाइयों की दुकानों में मोदक और लड्डू की डिमांड बढ़ गई है। बाजार में फल-फूल से लेकर साज-सजावट के सामानों की खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ रही है।