भरतपुर-सोनहत विधानसभा में कांग्रेस की छवि खराब, कांग्रेस के पास नहीं है कोई प्रत्याशी इसलिए आया सिर्फ एक आवेदन-जमुना पाण्डेय।

सुरेन्द्र मिनोचा
एमसीबी(भरतपुर) :- छत्तीसगढ़ में इसी साल विधानसभा चुनाव होने हैं, बीजेपी ने विधायक प्रत्याशियों की पहली लिस्ट जारी कर दी है वहीं कांग्रेस की लिस्ट भी अगले महीने आने की संभावना है। इस बार कांग्रेस ने नए तरीके से टिकट बांटने का फार्मूला निकाला है जिसमें चुनाव लडने के लिए इच्छुक प्रत्याशी अपने आवेदन ब्लाक अध्यक्ष को जमा करेंगे फिर उन आवेदनों से आलाकमान फैसला करेगा कि किसे टिकट देना है। इसी क्रम में एमसीबी जिले के मनेंद्रगढ़ विधानसभा से दो दर्जन से अधिक आवेदन आए।लेकिन इसी जिले के भरतपुर-सोनहत विधानसभा से सिर्फ एक आवेदन वर्तमान विधायक का आया।जिसको लेकर अब राजनीति तेज हो गई है और एमसीबी जिले के भाजपा जिला उपाध्यक्ष जमुना पाण्डेय ने कटाक्ष किया है कि कांग्रेस पार्टी के पास भरतपुर-सोनहत विधानसभा में वर्तमान विधायक गुलाब कमरों के अलावा कोई और प्रत्याशी ही नहीं है इसलिए सिर्फ एक आवेदन आया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को भरतपुर-सोनहत में अपनी करारी हार दिख रही है इसलिए किसी ने आवेदन ही नहीं दिया,वर्तमान विधायक ने सिर्फ भूमिपूजन के अलावा अपने कार्यकाल में कुछ नहीं किया है, हमेशा विकास की गंगा बहाने की बात करने वाले विधायक के विधानसभा में सड़कों का बुरा हाल है,जमीन में कुछ कार्य नहीं बस पेपर में काम हुआ है। जिससे जनता में भारी नाराजगी है और इस बार कांग्रेस को चुनाव में मुंहतोड़ जवाब देगी। जमुना पाण्डेय ने बताया कि स्वेच्छानुदान राशि को विधायक ने अपने करीबियों, कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारियों के परिवारवालों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को बांट दिया है जिससे आमजन को कोई फायदा नहीं हुआ। इन सभी बातों को अब जनता अच्छी तरह जान चुकी है। कांग्रेस की छवि भरतपुर-सोनहत विधानसभा में खराब होने के कारण वर्तमान विधायक के अलावा और किसी ने आवेदन नहीं दिया है।