कोरोनावायरस के बढ़ते प्रभाव के कारण रामायण समारोह स्थगित
राजिम 31 मार्च। जिले में कोरोनावायरस के बढ़ते प्रभाव के कारण अंचल के अनेक गांव में होने वाली राज्य स्तरीय रामायण सम्मेलन एवं प्रतियोगिता को गांव वालों ने समझदारी एवं सूझबूझ का परिचय देते हुए स्थगित कर दिया है। उल्लेखनीय है कि नगर से लगा हुआ गांव चौबेबांधा, बेलटुकरी,धमनी,अरन्ड में रामायण सम्मेलन 2 अप्रैल से शुभारंभ होना था तथा 3, 4,5 अप्रैल को प्रदेश के प्रतिष्ठित मानस मंडलियों को आकर अपनी प्रस्तुति देना था। इसके लिए तैयारियां पूरी हो चुकी थी परंतु कोरोनावायरस के बढ़ते प्रभाव के रोकथाम के लिए चारों गांव के आयोजन समिति आज सुबह 10:00 बजे राजिम में एकत्रित होकर महत्वपूर्ण निर्णय लिया और कहा कि कोरोना वायरस का प्रभाव कम होने के बाद यह अयोजन किया जाएगा। अभी इसे भगाने के लिए सोशल सावधानियां बहुत जरूरी है। अरंड के रोशन साहू ने कहा कि पिछले साल भी रामायण समारोह के आयोजन के लिए तैयारियां पूरी हो चुकी थी लेकिन कोरोनावायरस के कारण स्थगित करना पड़ा था इस बार भी चारों गांव के आयोजन समिति ने स्थगित करने का निर्णय लिया है। चौबेबांधा के संतोष कुमार सोनकर ने बताया कि हमारे धर्म में रामायण का महत्वपूर्ण स्थान है इससे हमें जीवन जीने की कला सीखने को मिलती है। वैश्विक महामारी कोरोना के बढ़ते कदम को देखते हुए जनभावना एवं जन स्वास्थ्य का ख्याल रख समारोह को स्थगित करना उचित समझा गया है। बेलटुकरी के सावंत साहू ने बताया कि कार्यक्रम के लिए अतिथि तय हो चुके थे जिन्हें खबर कर बताया जा रहा है। कार्यक्रम स्थगित होने की जानकारी उन्हें दी जा रही है ताकि किसी को असुविधा ना हो। धमनी के भीषम तारक, पुखराज साहू ने बताया कि इस आयोजन में प्रदेश के प्रतिष्ठित 30 मंडलियों को आमंत्रित किया गया था। जिसे मंड़ली संयोजक पाटेश्वर साहू के सहयोग से मोबाइल से स्थगित होने की जानकारी दिया जा रहा है। आने वाला समय में कोरोनावायरस कम होने के बाद इसे विराट रूप से किया जाएगा। जिन्होंने भी इस आयोजन के लिए सहयोग किया है उनका धन्यवाद। बस इसी तरह से सहयोग बनाए रखिए आगामी आयोजन भगवान रामचंद्र के कृपा से अच्छा होगा। उन्होंने उम्मीद जाहिर करते हुए कहा कि शीघ्र ही कोरोनावायरस समाप्त होगा। इसके लिए समझदारी एवं सावधानियां बहुत जरूरी है।
