ग्राम पंचायत बिछिया के सैकड़ों ग्रामीणों को 2 महीनों से नही मिला राशन।

सुरेन्द्र मिनोचा
केल्हारी :- गरीबों के हक के राशन पर जिम्मेदारों द्वारा ही डाका डाला जा रहा है।उपरोक्त संबंध में विश्वस्त सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत बिछिया जनपद पंचायत मनेंद्रगढ़ के राशन दुकान संचालक प्रमोद तिवारी के द्वारा सार्वजनिक वितरण प्रणाली के चावल का गबन करके हितग्राहियों को चावल नहीं दिया गया है,जिससे सैकड़ों ग्रामीणों के सामने परेशानी खड़ी हो गई है। ज्ञात हो कि ग्राम पंचायत बिछिया में प्रमोद तिवारी नामक व्यक्ति राशन दुकान का संचालन करता है।इसके द्वारा कई हितग्राहियों को 2- 2 महीने से राशन नहीं दिया गया है,जिसकी शिकायत ग्राम पंचायत के हितग्राहियों के द्वारा पूर्व में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व केल्हारी एवं जिला खाद्य अधिकारी जिला एमसीबी के समक्ष किया गया था।

मामले की जानकारी मिलने के बाद जनपद पंचायत मनेन्द्रगढ़ के अध्यक्ष डॉ. विनयशंकर सिंह द्वारा भी संबंधित अधिकारियों से निष्पक्ष जांच कर उचित कार्यवाही की मांग की गई थी।राशन दुकान संचालक प्रमोद तिवारी का कहना है कि राशन का आवंटन ही कम मात्रा में किया गया था,जिसके कारण वितरण नही किया गया। वहीं इस संबंध में जिला खाद्य अधिकारी के द्वारा बताया गया है कि बिछिया ग्राम पंचायत में उनके कोटे का संपूर्ण राशन हर महीने उपलब्ध कराया जाता रहा है, उसके बावजूद यदि राशन दुकान संचालक के द्वारा राशन वितरण नहीं किया गया है तो यह निश्चित ही गबन का मामला है ।
इस शिकायत के संबंध में सहायक खाद्य अधिकारी एवं फूड इंस्पेक्टर के द्वारा 20 अगस्त 2023 दिन रविवार को ग्राम पंचायत बिछिया में पहुंच करके हितग्राहियों का बयान दर्ज किया गया है।जांच उपरांत पाया गया है कि 168 हितग्राहियों को विगत 2 माह से राशन का वितरण नहीं किया गया है।कुल 60 क्विंटल चावल का गबन पाया गया है। जांच के बाद राशन दुकान संचालक प्रमोद तिवारी से रिकवरी की जायेगी या नही।यह देखने वाली बात होगी।राशन दुकान संचालक प्रमोद तिवारी राजीव युवा मितान क्लब के अध्यक्ष भी है।राजीव युवा मितान क्लब के लिए बिछिया ग्राम पंचायत को 25 हजार रुपयों की दो किश्त कुल 50 हजार जारी किया जा चुका है,जिसका उपयोग भी प्रमोद तिवारी द्वारा निजी कार्यों के लिए कर लिया गया है और उस राशि के बारे मे राजीव युवा मितान क्लब के किसी भी सदस्य को कोई जानकारी नहीं है ना ही इसका लाभ राजीव युवा मितान क्लब के सदस्यों को मिला है।ग्राम पंचायत के हितग्राहियों को राशन न मिलने के कारण ग्रामीणों में राशन दुकान संचालक के खिलाफ नाराजगी है और राजीव मितान क्लब के सदस्यों को क्लब की राशि से कोई लाभ प्राप्त नहीं हुआ है। इससे युवा मितान क्लब के सदस्यों में भी नाराजगी व्याप्त है। क्या राशन दुकान संचालक प्रमोद तिवारी को बचाने के एवज में आने वाले विधानसभा चुनाव में इसका खामियाजा कांग्रेस पार्टी को भुगतना पड़ेगा या नहीं।यह देखने वाली बात रहेगी।