
सुरेन्द्र मिनोचा
मनेन्द्रगढ़ :- हम सभी लोग सदा स्वस्थ रहना चाहते है।सच पूछो तो हमारा भविष्य पूरी तरह से शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य पर ही निर्भर है।प्राचीन ऋषियों का भी कहना है कि सब कुछ छोड़कर सर्वप्रथम अपने शरीर के स्वास्थ की रक्षा करनी चाहिए क्योंकि स्वस्थ व्यक्ति ही संसार में अपने सभी कार्यों को भलीभांति कर सकता है।अतः स्वस्थ रहना हमारी पहली आवश्यकता है।उक्त बातें युवा भारत के राज्य सोशल मीडिया प्रभारी योग सेवक संजय गिरि नें बुधवार को मनेन्द्रगढ़ विकासखंड के घुटरा संकुल के अंतर्गत माध्यमिक शाला मुसरा में आयुर्वेद शिरोमणि आचार्य बालकृष्ण के जन्मदिवस पखवाड़े के अवसर पर वृक्षारोपण के दौरान विद्यालय के बच्चों व शिक्षकों से कही।इस दौरान गिरि नें बच्चों व शिक्षकों को ओउम व गायत्री मंत्र के सही उच्चारण के साथ प्राणशक्ति का महत्व बताते हुए कुछ प्रमुख प्राणायाम के अभ्यास कराये।जिसे सभी नें बड़े आनंद से किया।इस अवसर पर भारत स्वाभिमान के जिला प्रभारी रामसहोदर नें बच्चों को ध्यान के महत्व को बताते हुए नित्य ही योग प्राणायाम किये जाने की बात कही। उन्होंने कहा कि इससे हमारा ध्यान पढ़ाई में अच्छे से लगता है।

कार्यक्रम में महिला योग शिक्षिका बिन्ती अग्रवाल ने भी उपस्थित छात्राओं को जीवन शैली के टिप्स बताते हुए कहा कि हमें जीवन की झंझावतों के बीच कैसे योग से संतुलन बनाये रखना है,इस दौरान योग सेवक संजय गिरि नें ” शिवोहम- शिवोहम” भजन प्रस्तुत कर बच्चों व शिक्षकों को मन्त्र- मुग्ध कर दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी बच्चों, शिक्षकों व युवा भारत- भारत स्वाभिमान परिवार नें वृक्षारोपण किया ।विदित हो कि इस विद्यालय में ज्यादातर बच्चे चेरवा, पंडों रजवार व अन्य पिछड़े जनजाति बाहुल्य क्षेत्र से आते है। कार्यक्रम के लिए माध्यमिक शाला मुसरा के प्रधान पाठक दिलीप गुप्ता ने सबका आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर प्रधान पाठक दिलीप गुप्ता, शिक्षक अनिरुद्ध द्विवेदी,साहल राम, अरदली सिंह, श्रवण व भारत स्वाभिमान- युवा भारत के कार्यकर्त्ता उपस्थित रहे।
