
दंतेवाड़ा :- डाटा को डिजिटल रूप देने में डाटा एन्ट्री ऑपरेटरों का महत्वपूर्ण योगदान रहता है और विगत कई वर्षों से छत्तीसगढ़ शासन के विभिन्न विभागों में डाटा एन्ट्री ऑपरेटर निष्ठापूर्वक कार्य कर रहे हैं। शासन के मंशानुरूप विभागों से संबंधित अति महत्वपूर्ण योजनाओं के क्रियान्वयन में सूचना प्रौद्योगिकी का उपयोग कर तीव्र गति से योजनाओं की सफलता में डाटा एन्ट्री ऑपरेटरों का परिश्रम अविस्मरणीय है साथ ही कार्यालय के समस्त कार्यों में न केवलअपितु नस्तियों के साधारण एवं व्यवस्थापन में भी डाटा एन्ट्री ऑपरेटरों की सहभागिता रहती है। इसके अतिरिक्त समय-समय पर राज्य शासन द्वारा निर्देशित अति महत्वपूर्ण कार्य जैसे- चुनाव प्रक्रिया एवं नई योजनाओं के क्रियान्वयन हेतु प्रदाय किये गये दायित्वों का निर्वहन किया जाता है इस कारण चार सूत्रीय मांगो को लेकर मुख्यमंत्री के नाम अपर कलेक्टर संजय को ज्ञापन सौंपा गया। चार सूत्रीय मांगे, छत्तीसगढ़ प्रदेश के विभिन्न विभागों में कार्यरत डाटा एन्ट्री ऑपरेटरों का एक समान पदोन्नति चैनल निर्धारित करते हुए पदोन्नति प्रदान किया जाएं।पदोन्नति से वंचित डाटा एन्ट्री ऑपरेटरों को प्रथम समयमान वेतनमान 4200 / 4300 ग्रेड-पे दिया जाये। डाटा एन्ट्री ऑपरेटरों का पदनाम बदलकर डाटा मैनेजर / डाटा ऑफिसर जैसे सम्मानजनक पदनाम दिया जाये। डाटा एन्ट्री ऑपरेटर पद को तकनीकी पद घोषित करते हुए प्रारंभिक वेतनमान 2800 ग्रेड-पे किया जाएं।
