
फिंगेश्वर :- स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ठ अंग्रेजी माध्यम विद्यालय फिंगेश्वर जिला गरियाबंद के प्राचार्य द्वारा शिक्षण सत्र 2021-22 में लोक शिक्षण संचालनालय छत्तीसगढ़ के द्वारा जारी प्रवेश प्रक्रिया संबंधी निर्देश 2021/32 /दिनांक 23/04/2021 का उलंघन करते हुए 77 विद्यार्थियों को नियम विरुध्द प्रवेश दिया गया है। जिसकी जांच कर कार्यवाही की मांग किसान नेता तेजराम विद्रोही ने कलेक्टर जन चौपाल में किया है। तेजराम विद्रोही ने शिकायत में कहा है कि बिना गरीबी रेखा प्रमाण पत्र के बीपीएल कोटा में 21 बच्चों को भर्ती लिया गया है। बिना ऑनलाइन आवेदन के जिनका चयन सूची व प्रतिक्षा सूची में नाम नहीं होने पर भी 28 बच्चों को प्रवेश दिया गया है। जिनका चयन सूची व प्रतिक्षा सूची में नाम नहीं होने पर भी 22 बच्चों को प्रवेश दिया गया है।
वर्तमान अंग्रेजी माध्यम कक्षा में पूर्व हिन्दी माध्यम कक्षा के बच्चे को जिसका चयन सूची व प्रतिक्षा सूची में नाम नहीं है प्रवेश दिया गया है। इस प्रकार स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ठ अंग्रेजी माध्यम विद्यालय फिंगेश्वर में शिक्षण सत्र 2021-22 में कुल 77 बच्चों को नियम विरुध्द प्रवेश दिया गया है। छत्तीसगढ़ सरकार की गरीब तबके के बच्चों को बेहतर अंग्रेजी शिक्षा प्रदान करने की महत्वपूर्ण योजना का प्राचार्य द्वारा धज्जियां उड़ायी जा रही है जो स्वयं भी अंग्रेजी माध्यम के शिक्षक नहीं है और प्राचार्य के पद पर पदस्थ हैं जबकि प्राचार्य होने के लिए अंग्रेजी माध्यम और बीएड अथवा डीएड होना चाहिए। अयोग्य व्यक्ति के प्राचार्य होने से वास्तविक रुप से पात्रता रखने वाले बच्चे अपने अधिकारों से वंचित रह गये हैं। तेजराम विद्रोही ने आवेदन के साथ 97 पृष्ठों में संलग्न सूची का अवलोकन करते हुए जांच कर आवश्यक कार्यवाही करने कलेक्टर से अनुरोध किया है।
