
करनाल-बिन्दर शर्मा
करनाल :- डीएसपी ट्रैफिक नायब सिंह की अध्यक्षता में सेक्टर 7 मार्किट की समस्याओं को लेकर सेक्टर 7 मार्किट के शैक्षणिक संस्थान, कोचिंग सेंटर, अन्य दुकानदारों व सेक्टर 7 के निवासियों की आरडब्ल्यूए कमेटी के साथ सेक्टर 7 के सामुदायिक केंद्र में एक मीटिंग आयोजित की गई। इस मीटिंग में सेक्टर 7 के निवासी व मार्केट एसोसिएशन की तरफ से जिला पुलिस के समक्ष कुछ समस्याएं रखी गई। इन समस्याओं में प्रमुख समस्याएं जैसे-शरारती तत्वों द्वारा मार्किट में हुड़दंग बाजी करना, बुलेट मोटरसाइकिल से पटाखे बजाना व आए दिन लड़ाई झगड़ा करना शामिल थी। इन समस्याओं के कारण आसपास के दुकानदारों, शैक्षणिक संस्थानों के मालिक व इनमें पढ़ने के लिए आने वाले बच्चों को काफी समस्याएं आ रही थी। करनाल पुलिस की तरफ से इन समस्याओं का समाधान करने के लिए मीटिंग में मौजूद व्यक्तियों को सुझाव दिए गए की शैक्षणिक संस्थान व कोचिंग सेंटर में पढ़ने आने वाले बच्चों को अपने संस्थान के पास/आईडी कार्ड उपलब्ध करवाएं, अपने संस्थानों पर सुरक्षाकर्मी तैनात करें व पर्याप्त मात्रा में सीसीटीवी कैमरे लगवाएं। साथ ही डीएसपी ट्रैफिक ने सेक्टर 7 के निवासी व मार्किट एसोसिएशन को आश्वस्त किया कि मार्किट में पर्याप्त संख्या में पुलिस की मौजूदगी सुनिश्चित की जाएगी और इस तरह के असामाजिक तत्वों पर लगाम लगाने के लिए करनाल पुलिस ऐसे व्यक्तियों के खिलाफ नियम अनुसार सख्त कार्रवाई करेगी। साथ ही करनाल पुलिस की टीम द्वारा मीटिंग में मौजूद व्यक्तियों से यातायात नियम, नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान व अन्य समस्याओं को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। इस मीटिंग में थाना प्रबंधक सेक्टर 32/33 सब इंस्पेक्टर शलेंद्र सिंह, पुलिस चौकी सेक्टर-06 इंचार्ज एसआई सुल्तान सिंह व करीब 35 व्यक्ति मौजूद रहे।
