सुरेन्द्र मिनोचा
एमसीबी :-जिला के भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा जिला मीडिया प्रभारी यीशै दास द्वारा कलेक्टर एमसीबी को पत्र प्रेषित करते हुए विभिन्न प्रकार के मुद्दों को लेकर ध्यान आकर्षित कराते हुए जल्द से जल्द आम जनता को राहत दिलाए जाने की मांग की गई है । भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा जिला मीडिया प्रभारी ने अपने पत्र में यात्री प्रतीक्षालय, आर .ओ वाटर सेंटर, सार्वजनिक प्रसाधन एवं 18वीं बटालियन मार्ग को पक्की सड़क निर्माण कार्य कराए जाने का जिक्र किया है।

पत्र में उल्लेखित किया गया है कि मनेंद्रगढ़ में इन दिनों जनता जनार्दन को मूलभूत सुविधाओं से वंचित होना पड़ रहा है,आमजन के हितों को मद्देनजर रखते हुए पूर्व में क्रमशः मनेंद्रगढ़ विधायक, एसडीएम, मुख्य नगर पालिका अधिकारी नगर पालिका परिषद मनेंद्रगढ़ को पत्र प्रेषित कर आम जनता को मूलभूत सुविधाओं का लाभ दिलाए जाने निवेदन किया जा चुका है । जिसमें प्रमुख रुप से मनेन्द्रगढ शहर के विभिन्न स्थानों पर स्थापित छ.ग शासन की महत्वपूर्ण योजना अंतर्गत आने वाले कई आर ओ वाटर सेंटर जो आज तक बंद हो अपने बदहाली पर आंसू बहा रहे हैं और आम जन तक उक्त योजना का लाभ नहीं पहुंच रहा है,

जबकि इस संबंध में दास द्वारा मीडिया को जानकारी साझा कर यह भी बताया गया कि पूर्व दिनांक 17/1//23 को बंद पड़े आर ओ वाटर सेंटर संचालित किए जाने कलेक्ट्रेट कार्यालय से निर्देशित भी किया जा चुका है।मनेन्द्रगढ मौहारपारा गोपाल शीतगृह तिराहा के समीप यात्री प्रतीक्षालय की मांग भी लंबित पड़ी हुई है।खासकर दूर-दराज से आने वाले राहगीर अपने गंतव्य सफर तय करने हेतु वाहनों के इंतजार में उन्हें सड़क पर ही खड़ा रहना पड़ता है,जिससे उन्हें हर मौसम में काफी कठिनाइयों का सामना भी करना पड़ता है,यात्री प्रतीक्षालय बन जाने से आम जनता सहित कोयलांचल क्षेत्र से आने -जाने वाले राहगीरों को काफी हद तक राहत मिल सकेगी। मनेन्द्रगढ मौहारपारा गोपाल शीत गृह तिराहा से लेकर रेल्वे फाटक तक एक भी सार्वजनिक प्रसाधन केंद्र नहीं है उक्त वजह से इसका सीधा असर सड़क से निकलने वाले महिलाओं, बच्चों, स्कूली छात्र- छात्राओं पर पड़ता है,सार्वजनिक प्रसाधन नहीं होने की वजह से आमजन को अनचाही परेशानियों का सामना करने विवश होना पड़ता है।18वीं बटालियन मार्ग को पक्की सड़क निर्माण कार्य कराए जाने हेतु संबंधित विभाग कार्यपालन अभियंता लोक निर्माण विभाग मनेन्द्रगढ, अनुविभागीय अधिकारी (रा0) मनेन्द्रगढ, मुख्य नगर पालिका अधिकारी मनेंद्रगढ़ जिला एमसीबी छ.ग को पृ.क्रमांक219/वरि.लि /2023 जारी करते हुए नियमानुसार कार्यवाही किए जाने अवगत करा दिया गया है, वही सूत्रों द्वारा मिली जानकारी के अनुसार शासन द्वारा बटालियन मार्ग की सड़क को निर्माण कार्य कराए जाने हेतु राशि 4 करोड़ 64 लाख 40 हजार रुपए की स्वीकृत भी कर दिया गया है। बावजूद इसके आज तक उक्त बटालियन मार्ग को पक्की सड़क निर्माण कार्य कराए जाने हेतु कोई पहल नहीं किया जा रहा जबकि उक्त सड़क इन दिनों बरसात की वजह से कीचड़, गंदगी में तब्दील हो चुकी है जहां से बटालियन जवानों का अक्सर आवागमन बना रहता है। दास ने कलेक्टर एमसीबी से मांग की है कि उक्त समस्त जनहित के विषयों को मद्देनजर रखते हुए जल्द से जल्द निराकरण करा लाभ दिलाया जाये।
