ग्राम पंचायत चनवारीडांड वार्ड नंबर 8 की सड़क पर पानी का जमाव।


सुरेन्द्र मिनोचा
मनेंद्रगढ़ :- कई दिनों से लगातार तपती धूप के कारण गर्मी और उमस से जहां लोग परेशान थे। वहीं दो दिनों से हो रही रूक-रूककर बारिश के बाद लोगों ने राहत की सांस ली है। गर्मी से राहत मिलने के साथ ही दूसरी समस्या से ग्राम पंचायत चनवारीडांड वार्ड नंबर 8 के निवासी परेशान है।यूं तो शहरी क्षेत्रों में पक्की सड़कों का जाल बिछा है लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में कई सड़कें पुरानी और जर्जर हो चुकी है। सड़कों से गिट्टी निकल जाने के बाद सड़कों पर छोटे-बड़े गड्ढे बन चुके हैं। जिस कारण बारिश होते ही इन गड्ढों में जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो जाती है।दूसरी तरफ सड़कों पर धूल मिट्टी और छोटे-छोटे गिट्टी के टुकड़े रहने से बारिश में सड़कों पर कीचड़ पसर जाता है ।

जिसके बाद राहगीरों को पैदल चलने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।पंचायत में कुछ सड़कों के किनारे नाला का निर्माण किया गया है पर आउटलेट सही नहीं होने के कारण बारिश का पानी सड़कों पर ही कई-कई दिनों से जमा रह जाता है। कई नालों में सही ढंग से निकासी नहीं होने के कारण बारिश होते ही उल्टे नाले की गाद सड़कों पर पसर जाती है, जिसके बाद उन सड़कों पर बारिश के बाद पैदल चलने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। वार्ड नंबर 8 में उप सरपंच मनोज कुमार सेन के घर के पास वर्तमान में यही स्थिति है। जहां से आम नागरिकों का पैदल निकलना मुश्किल हो गया है। बताया जाता है कि निर्माण के बाद से आज तक इन सड़कों की कभी मरम्मत नहीं की जा सकी है। जिसके कारण सड़कें पूरी तरह जर्जर हो चुकी है एवं कई सड़कों के किनारे अब तक नालों का निर्माण नहीं करवाया जा सका है। जिस कारण बारिश होते ही जलजमाव व कीचड़ के कारण कई कई दिनों तक लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है।