
छुरा :- मामला विकास खंड छुरा के ग्राम रानीपरतेवा का है जहां प्रार्थीया ने आरोप लगाया है कि ओम शांति भवन की पूर्व संचालिका ब्रह्माकुमारी सुमन साहू द्वारा दुर्भावना से ग्रसित होकर संस्था के ही एक बीमार महिला को संस्था के ही एक भाई द्वारा पानी पिलाते हुए स्थिति का फोटो खींचकर, बदनाम करने की नियत से अश्लील कमेंट के साथ उस फोटो को अनेक व्हाट्सएप ग्रुप तथा अनेक व्यक्तिगत लोगों के पास वायरल करने के आरोप में फरियादी द्वारा पुलिस थाना छुरा में प्रार्थना पत्र लगाई थी। जिस पर पुलिस द्वारा मामले की विवेचना कर तमाम सबूतों के आधार पर भारतीय दंड विधान के तहत एफ आई आर दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस ढूंढती रही, 10 दिनों से पुलिस के साथ लुका छुपी का खेल खेलने के पश्चात छुरा थाना पुलिस टीम द्वारा ब्रह्माकुमारी सुमन साहू को धर दबोचा गया और गरियाबंद जिला के प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट राजिम न्यायालय में पेश किया।
आरोपी के द्वारा वायरल करने के कार्य में उनके सहयोगी साथियों की भूमिका की पुलिस विवेचना होना बाकि है। वहीं आवेदिका का कहना है कि इसमें कुछ बिंदुओं पर और भी गहन जांच की आवश्यकता है जिससे कि इस घटनाक्रम में छिपे पर्दे के पीछे लोग भी बेनकाब हो। क्योंकि इस घटनाक्रम से मैं और मेरा परिवार बहुत आहत हैं साथ ही मुझे चक्कर आने से पानी पिलाने वाले हमारे ही संस्था के व्यक्ति एवं उनके परिजन भी काफी आहत हैं। जिस प्रकार एक आध्यात्मिक संस्था एवं उससे जुड़े व संचालन करने वालों के ऊपर इस तरह का बेबुनियाद आरोप लगाकर बदनाम करने से धार्मिक आस्था पर ठेस पहुंचती है और जुड़े लाखों लोगों की भावनाएं आहत होती है। हालांकि यह मामला न्यायालय में लंबित है और न्यायालय की सुनवाई के बाद आरोप प्रत्यारोप का सच्चाई सामने आ पायेगा।
