
सुरेन्द्र मिनोचा
मनेंद्रगढ़:- अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर सामान्य योग अभ्यासक्रम (प्रोटोकॉल) जारी कर दिया गया है। इस संबंध में पतंजलि योग समिति के वरिष्ठ योग प्रशिक्षक सतीश उपाध्याय ने योग को अपने दैनिक दिनचर्या में सम्मिलित करने की अपील करते हुए बतलाया कि योग का अभ्यास क्रम अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रार्थना से किया जाएगा। इसके पश्चात ग्रीवा चालन ,स्कंध संचालन, कटी संचालन, घुटना संचालन के पश्चात खड़े होकर किए जाने वाले आसन जैसे ताड़ासन, वृक्षासन, पादहस्तासन ,अर्ध चक्रासन त्रिकोणासन का अभ्यास कराया जाएगा।बैठकर किए जाने वाले आसनों में भद्रासन, वज्रासन , उष्ट्रासन , उत्तान मंडूकासन ,वक्रासन के पश्चात उदर के बल लेटकर किए जाने वाले आसन मकरासन, भुजंगासन, शलभासन , सेतुबंध आसन, उत्तानपादासन ,अर्ध हलासन ,पवनमुक्तासन के पश्चात शवासन का अभ्यास कराया जाएगा। प्रोटोकॉल में सम्मिलित प्राणायामों में कपालभारती प्राणायाम, अनुलोम विलोम , भ्रामरी प्राणायाम एवं ध्यान को सम्मिलित किया गया है। उपाध्याय ने प्राणायाम की उपयोगिता पर चर्चा करते हुए बतलाया कि पतंजलि योग समिति द्वारा सरस्वती शिशु मंदिर खेल प्रांगण में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर योग के सामान्य अभ्यासक्रम प्रातः 6:00 बजे प्रारंभ किया जाएगा जिसमें कोई भी व्यक्ति सम्मिलित हो सकता है। कार्यक्रम का समापन शांति पाठ से किया जाएगा। अधिक जानकारी के लिए पतंजलि योग समिति के सतीश उपाध्याय के मोबाइल नंबर 93000 91563 से संपर्क किया जा सकता है।
