
सुरेन्द्र मिनोचा
मनेंद्रगढ़ :- कलेक्टर नरेंद्र कुमार दुग्गा शनिवार को मनेंद्रगढ़ विकासखंड के विभिन्न विकास कार्यों के आकस्मिक निरीक्षण पर पहुँचे। कलेक्टर दुग्गा सर्वप्रथम ग्राम पंचायत पाराडोल के गोठान पहुँचे। उन्होंने कोयल महिला स्व सहायता समूह की महिलाओं से गोबर खरीदी और वर्मी खाद विक्रय के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा वर्मी खाद की छनाई और पैकिंग कार्य में तेजी लाने के साथ ही गोठान मे साफ-सफाई करने के लिए आवश्यक निर्देश दिये। इसके पश्चात कलेक्टर ग्राम पंचायत बंजी पहुँचे। उन्होंने डबरी निर्माण कार्य में काम करने वाले मनरेगा के मेहनतकश मज़दूरों से बात की। उनसे पूछा कि क्या हाल है सभी का। ख़ाना के लिए टिफ़िन लाए हो क्या। कितने लोग काम कर रहे हैं। पानी पिलाने वाला और मेट है की नही। कलेक्टर को अपने बीच पाकर काम करने वाले मज़दूर खुश हुए। ग्राम पंचायत बंजी मे वनाधिकार पत्र के हितग्राही कलावती पति जयपाल का बड़ा डबरी निर्माण कार्य किया जा रहा है जिसमें बड़ी संख्या मे मज़दूरों को काम मिल रहा है।
कलेक्टर दुग्गा ने मनरेगा के हितग्राही मूलक कार्यों मे मजदूरों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिये। जलजीवन मिशन के कार्यों मे गुणवत्ता लाने और कार्यों में तेजी लाने के निर्देश पीएचई के इंजीनियर को दिये। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम को देखते हुए सभी पंचायतों मे पानी की सुचारू व्यवस्था और हैंडपंप सुधार आवश्यक रूप से हो जाना चाहिए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम मनेंद्रगढ़ अभिषेक कुमार, तहसीलदार अशोक सिंह, जनपद सीईओ रघुनाथ राम और अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
