दुष्कर्म करने का आरोप लगा झूठा मामला दर्ज करवाने की कोशिश के मामले में दो महिला आरोपियों को करनाल पुलिस ने किया गिरफ्तार।

करनाल: बिंदर शर्मा इंद्री

करनाल:- पुलिस अधीक्षक करनाल शशांक कुमार सावन के कुशल मार्गदर्शन में कार्य करते हुए जिला पुलिस के थाना सिविल लाईन की टीम द्वारा दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिन्होने एक व्यक्ति पर दुष्कर्म करने के झूठे आरोप लगाकर उसके खिलाफ दुष्कर्म करने का मामला दर्ज करवाने का प्रयास किया था। करनाल की रहने वाली एक महिला साहिल उर्फ ज्योति उर्फ अंजलि ने 16 मई 2023 को महिला थाना करनाल में एक शिकायत दी। जिसमें उसने बताया कि उसको पानीपत में किराए के मकान ही आवश्यकता थी। जिसके लिए उसने एक व्यक्ति से उसके मोबाइल नम्बर पर सम्पर्क किया। उपरोक्त महिला ने आरोप लगाए कि उस व्यक्ति ने कमरा दिखाने के लिए उसे पानीपत बुलाया और पानीपत बस अड्डे से अपनी मोटरसाईकिल पर बिठा कर ले गया। रास्ते में उस व्यक्ति ने महिला को कोल्ड ड्रिंक में मिलाकर नशीला पदार्थ पिलाया और उसके साथ दुष्कर्म किया। जिसके बाद वह महिला को टोल पर छोडकर फरार हो गया। जब महिला थाना की अनुसंधान अधिकारी पीएसआई नेहा द्वारा मामले की जांच शुरू की तो महिला इस संबंध में कोई संतोषजनक जबाव नही दे पाई और महिला ने घटनास्थल पर जाने के लिए भी साफ इंकार कर दिया। महिला पूछताछ में बार- बार अपना नाम भी बदलती रही। जब उक्त महिला के संबंध में और गहनता से जांच की गई तो पता चला कि महिला इस तरह की झूठी शिकायत देने की आदी है, और लोगों से पैसे ऐंठकर अपना घर चलाती है। इस संबंध में उक्त महिला के ही खिलाफ थाना सिविल लाईन में 17 मई 2023 को धारा 419, 420 भा.द.स. के तहत मामला दर्ज किया गया। मामले की आगामी तफ्तीश उप निरीक्षक लखवीर सिंह थाना सिविल लाईन को सौंपी गई। दौराने तफ्तीश कल 17 मई को ही आरोपी महिला साहिल उर्फ ज्योति व उसकी एक साथी सुदेश को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों से पूछताछ व अन्य साक्ष्यों के आधार पर प्रारम्भिक जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी महिला साहिल उर्फ ज्योति ने बदनियती से दुष्कर्म के झूठे केस में फसाकर उक्त व्यक्ति से रूप्ये ऐंठने की योजना बनाई थी। दूसरी महिला आरोपी सुदेश इस प्रकार के झूठे मामलों में पीड़ित व्यक्तियों को जेल जाने का भय दिखाकर मामले में राजीनामा करवाने का दबाव बनाकर उनसे पैसे हड़पने का काम करती थी। दोनों महिलाओं को आज पेश अदालत करके न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इस मामले में अभी गहनता से जांच जारी है।