विदेश भेजने के नाम पर पच्चीस लाख रूप्ये की धोखाधडी करने के मामले में एक आरोपी करनाल पुलिस ने किया गिरफ्तार।

करनाल:-बिन्दर शर्मा इन्द्री

करनाल :- पुलिस अधीक्षक करनाल शशांक कुमार सावन करनाल के कुशल मार्गदर्शन में कार्य करते हुए जिला पुलिस करनाल के थाना घरौंडा की टीम द्वारा वर्ष 2017 व 2018 में विदेश भेेजने के बहाने दो लोगों से पच्चीस लाख रूप्ये की धोखाधडी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है। इस वारदात के संबंध में वर्ष 2018 में शिकायतकर्ता जयसिंह वासी बोहला खालसा निसिंग व कृष्ण कुमार वासी घोलपुरा जिला करनाल ने एक शिकायत दी। जिसमें उन्होने बताया कि शिकायतकर्ता जयसिंह ने अपने लड़के संजू को पुर्तगाल भेजने व शिकातयकर्ता कृष्ण कुमार ने अपने लडके जितेन को कनाडा भेजने के लिए आरोपी लखविन्द्र सिंह वासी पंजाब, अजय वासी कोहण्ड व अन्य आरोपियों के साथ पच्चीस लाख रूप्ये में सौदा तय किया था। जिसमें आधे रूप्ये काम होने से पहले व आधे रूप्ये का पूरा होने की बात तय हुई थी। आरोपियों ने शिकायतकर्ताओं से अलग-2 समय पर पच्चीस लाख रूप्ये ले लिए। जिसके अनुसार आरोपियों ने वर्ष 2017 में दोनों को थाईलेंड भेज दिया और वंहा से आगे मलेशिया भेज दिया। मलेशिया में आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की और जाने से मारने की धमकी देने लगे। जिसके बाद दोनों लडके बड़ी मुश्किल से किसी तरह भारत वापिस आ गए। इसके बाद जब शिकातयकर्ताओं ने आरोपियों से अपने रूप्ये वापिस मांगे तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की और दोबारा पैसे मांगने व कानूनी कार्यवाही करवाने पर जान से मारने की धमकी देने लगे। इस संबंध में उपरोक्त आरोपियों के खिलाफ थाना घरौंडा में मुकदमा नम्बर 552 वर्ष 2019 धारा 406, 420, 506 भा.द.स. व इमीग्रेशन एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। मामले की आगामी तफ्तीश एएसआई नवीन कुमार थाना घरौंडा को सौंपी गई। दौराने तफ्तीश टीम द्वारा आरोपियों के लुक आउड सर्कुलर नोटिस जारी करवाए गए। जिसके बाद टीम द्वारा 29 अप्रैल 2023 को आरोपी लखविन्द्र सिंह पुत्र गुरजंट सिंह वासी तरखाना जिला पटियाला पंजाब को इंदिरा गांधी इन्टरनेशनल एयपोर्ट नई दिल्ली से गिरफ्तार किया गया। करनाल पुलिस द्वारा आरोपी लखविन्द्र सिंह का भी लुक आउड सर्कुलर नोटिस जारी करवाया हुआ था। आरोपी कई साल पहले अवैध तरीके से रोमानिया गया था। जिसको वंहा पर हिरासत में ले लिया गया था और जेल में बंद कर दिया था। आरोपी अब रोमानिया से करीब 2 साल 3 महिने की सजा काटकर भारत लौटा था। आरोपी को पेश अदालत करके दो दिन के पुलिस रिमाण्ड पर लिया गया था। दौराने रिमाण्ड जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी ने अपने एक अन्य साथी अजय वासी कोहण्ड के साथ मिलकर पाकिस्तान के एक ऐजेंट के माध्यम से संजू व जितेन को पुर्तगाल व कनाडा भेजने के लिए पच्चीस लाख रूप्ये में सौदा किया था। जिसके बदले में आरोपी लखविन्द्र सिंह ने दोनों लड़कों से एक-एक लाख रूप्ये कमीशन के तौर पर लिए थे। दोनों को मलेशिया भेजने के बाद पाकिस्तानी एजेंट के आदमियों ने दोनों लडकों के साथ मारपीट की और उन्हें डरा धमका कर उनके द्वारा उनके परिजनों के पास फोन करवाया कि वह सही सलामत पुर्तगाल व कनाडा पंहुच गए हैं। एजेंट के बाकि रूप्ये एजेंट के पास पंहुचा दो। आरोपी लखविन्द्र सिंह व उसके साथी के माध्यम से बाकि पैसे विदेशी एजेंट तक पंहुचने के बाद विदेशी एजेंट के आदमियों ने संजू व जितेन को मलेशिया में ही प्रताड़ित करना शुरू कर दिया और जान से मारने की धमकी देने लगे। जिसके बाद दोनों लडके किसी तरह आरोपियों के चंगुल से बचकर भारत वापिस आ गए। आरोपी के कब्जे से अठारह हजार रूप्ये की नगदी बरामद की गई है। आरोपी को आज पेश अदालत करके न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले में फरार अन्य आरोपियों की भी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।