
गरियाबंद:- स्कूली बच्चों की वित्तीय समझ बढ़ाने और उन्हे आर्थिक मामलों के प्रति जागरुक करने आनलाईन क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया के क्षेत्रीय कार्यालय द्वारा आयोजित प्रतियोगिता वित्तीय साक्षरता विषय पर आधारित है। इसमें जिले के 100 स्कूली बच्चे भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता का आयोजन सभी विकासखण्ड मुख्यालयों में स्थित स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में हो रहा है। बच्चे स्कूल के कंप्यूटर लैब में मौजूद कम्प्यूटरों के माध्यम से क्विज प्रतियोगिता में शामिल होकर वित्तीय ज्ञान से संबंधित प्रश्नों को हल कर रहे है। एलडीएम राजीव रंजन ने बताया कि 20 अप्रैल को गरियाबंद में प्रतियोगिता की शुरुआत हुई। 21 को छुरा एवं फिंगेश्वर के स्वामी आत्मानंद स्कूल में आयोजित हुई। इसी प्रकार 24 को मैनपुर और 25 अप्रैल को देवभोग के स्वामी आत्मानंद स्कूल मेें प्रतियोगिता आयोजित की जायेगी । प्रतियोगिता के लिए प्रत्येक विकासखंड से 20 बच्चों का चयन किया गया है। इनमें कक्षा आठवीं, नवमी और दसवीं के विद्यार्थी शामिल है। एक स्कूल के दो बच्चों को लिया गया है। विकासखंड स्तर पर आयोजित ऑनलाईन क्विज प्रतियोगिता में प्रथम , द्वितीय एवं तृतीय कुल तीन टीमों का चयन किया जायेगा। इसके पश्चात सभी पांच विकासंखड से प्रथम स्थान पर रहने वाली टीम जिला स्तर पर ऑनलाईन क्विज प्रतियोगिता में शामिल होंगे । तत्पश्चात् जिला स्तर पर एक विजेता टीम का चयन किया जाएगा, जो कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगी।
