एक अवैध देसी पिस्तौल सहित एक आरोपी करनाल पुलिस ने किया गिरफ्तार।

करनाल:- बिन्दर शर्मा इन्द्री

करनाल :- जिला पुलिस करनाल की सीआईए वन की टीम द्वारा एक आरोपी को एक अवैध पिस्तौल व जिंदा कारतूस सहित गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है, 19 अप्रैल 2023 को सब इंस्पेक्टर श्यामसुंदर सीआईए वन की अध्यक्षता में सीआईए वन की टीम अपराध रोकथाम हेतु बस स्टैंड इंद्री के गेट के पास मौजूद थी। उसी समय टीम को विश्वसनीय सूचना प्राप्त हुई कि सोयब अली पुत्र युसूफ अली वासी गांव गढ़ी बीरबल जिला करनाल आज अनाज मंडी इंद्री गेट पर अवैध असला लिए हुए किसी के इंतजार में खड़ा है। प्राप्त सूचना के आधार पर टीम द्वारा मौके पर दबिश दी गई और मौके से एक व्यक्ति को काबू किया गया।

जिसने पूछताछ में अपना नाम सोयब अली उपरोक्त बतलाया। तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से पहनी हुई पेंट की जेब में से एक अवैध देसी पिस्तौल 315 बोर बरामद हुई और पिस्तौल के अंदर से एक जिंदा कारतूस भी बरामद हुआ।इस संबंध में आरोपी के खिलाफ थाना इंद्री में शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी से प्रारम्भिक पूछताछ में जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी को हथियार रखने का शौक है और आरोपी ने उपरोक्त पिस्तौल अपने किसी जानकार से शौक के तौर पर अपने पास रखने के लिए ली थी। आरोपी से अभी गहनता से पूछताछ जारी है व आरोपी जिस व्यक्ति से अवैध पिस्तौल लेकर आया था, उस व्यक्ति की भी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। आरोपी को कल पेश अदालत किया जाएगा।