
दंतेवाड़ा :- ग्राम पंचायत टीकनपाल रावपारा में विगत 1 माह से अधिक समय से ग्रामीण सोलर पंप खराब होने की वजह से पानी की समस्या से जूझ रहे थे। ग्रामीणों को एक किलोमीटर दूर पैदल चलकर नदी के अस्वच्छ पानी को कपड़ा से छानकर पीना पड़ रहा था। इसी दौरान लगातार क्षेत्र में सक्रिय, और गर्मियों में पानी की समस्या पर पैनी नजर बनाकर रखने वाले जनप्रतिनिधि जिला पंचायत सदस्य मालती मुड़ामी और पूर्व जिला पंचायत सदस्य, भाजपा अजजा मोर्चा प्रदेश महामंत्री नंदलाल मुड़ामी को उक्त स्थान पर पेयजल की समस्या का पता चला तो वे तत्काल टीकनपाल रावपारा पहुंचे और ग्रामीणों से मिलकर उनका हाल जाना। ग्रामीणों ने अपने जनप्रतिनिधि को अपने बीच पाकर अपने दर्द को बयां किया और पानी की गंभीर समस्या को विस्तृत रूप से अवगत कराया। मुड़ामी ने बिना देरी किए पेयजल की समस्या को लेकर क्रेड़ा विभाग के अधिकारियों से मुलाकात की और लिखित में आवेदन देकर जल्द सुधारने की मांग की। उक्त मांग के आधार पर क्रेड़ा विभाग ने रावपारा में नया सोलर पंप लगाकर पेयजल की समस्या से ग्रामीणों को निजाद दिलाया।

इधर पेयजल की समस्या दूर होने से ग्रामीण बहुत खुश हैं और क्षेत्र के जनप्रतिनिधि जिला पंचायत सदस्य और पूर्व जिला पंचायत सदस्य को उन्होंने धन्यवाद ज्ञापित किया।
