बीजापुर:- फोटोग्राफी, प्रिंटिंग प्रेस एवं फ्लेक्स प्रिंटिंग के कार्य से राजेश आत्मनिर्भर बन गया है। ज्ञात हो कि स्वयं के व्यवसाय स्थापित करने के पूर्व बीजापुर शहर के एक निजी संस्थान में 5 वर्षों तक फोटोग्राफी, प्रिंटिंग प्रेस, फ्लेक्स प्रिंटिंग का कार्य सीखने का अनुभव हासिल किया। फिर जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र बीजापुर से स्वयं के रोजगार स्थापित करने हेतु ऋण के लिए आवेदन किया। विभाग के अधिकारी ने बताया आवेदन के आधार पर राजेश का 5 लाख रूपए ऋण प्रकरण तैयार कर भारतीय स्टेट बैंक बीजापुर को प्रेषित किया गया एवं बैंक से साढे़ तीन लाख रूपए ऋण स्वीकृत कराया गया।

योजना के नियमानुसार उद्यमी को उद्योग विभाग द्वारा व्यवसाय का सफल संचालन हेतु 07 दिवस का उद्यमिता विकास प्रशिक्षण दिया गया। हितग्राही अनुसूचित जाति वर्ग के उद्यमी होने के कारण स्वीकृत ऋण राशि पर 35 प्रतिशत की दर से 1 लाख 22 हजार 5 सौ रूपए का विभाग द्वारा अनुदान प्रदाय किया गया। वर्तमान में मेसर्स मोक्ष प्रिंटिंग प्रेस जी व्ही आर पेट्रोल पंप के सामने मेनरोड बीजापुर में संचालित है, राजेश धृतलहरे ने बताया स्वयं का व्यवसाय मेरा सपना था। मैने पर्याप्त अनुभव हासिल करके ऋण के लिए आवेदन किया विभागीय अधिकारियों का सहयोग और मार्गदर्शन से मेरा व्यवसाय सफल है। दुकान की आमदनी पर्याप्त है जिससे मै अपने परिवार का पालन पोषण एवं नियमित रूप से ऋण के किश्तों की अदायगी कर रहा हूं। जिला प्रशासन और जिला व्यापार एवं उद्योग विभाग का मै सदैव आभारी रहूंगा जिसके प्रयासों से मैं स्वयं का रोजगार स्थापित कर आत्मनिर्भर बना हूं।
