आस्था ! जौ अनीति कछु भाषहुं भाई, तौ मोहि बरजहु भय बिसराई – राजेश्री महन्त।

जांजगीर-चांपा :- हिंदू नव संवत्सर के उपलक्ष्य  में ग्राम खोखसा, विकासखंड नवागढ़, जिला जांजगीर चांपा में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ राज्य गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष राजेश्री महन्त रामसुन्दर दास महाराज तथा अध्यक्षता प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव इंजीनियर रवि पांडे ने की।

कार्यक्रम स्थल में पहुंचने के पश्चात करमा नृत्य के साथ सभी अतिथि सबसे पहले हनुमान जी के मंदिर में उपस्थित हुए, यहां उन्होंने विधिवत पूजार्चना की, तत्पश्चात मंचासीन हुए। सर्वप्रथम अतिथियों का स्वागत ग्राम वासियों के द्वारा किया गया।

इस अवसर पर अपना आशीर्वचन प्रदान करते हुए अध्यक्ष गौ सेवा आयोग ने कहा कि हम सभी नव संवत्सर के अवसर पर नवरात्रि का पर्व मना रहे हैं। हमारे भारतीय सनातन धर्म में चार नवरात्र धर्म शास्त्रों के अनुसार बताए गए हैं। इनमें से दो गुप्त एवं दो प्रत्यक्ष नवरात्र को हम सभी बड़े ही श्रद्धा भक्ति के साथ मनाते हैं।

नवमी के दिन हम सभी भगवान राघवेंद्र सरकार का जन्मोत्सव रामनवमी के रूप में मनाएंगे। सतयुग के पश्चात त्रेता और द्वापर युग चले गए वर्तमान में कलयुग चल रहा है। हजारों वर्ष बीत जाने के बाद भी अभी हम सभी रामराज्य की संकल्पना ही करते हैं किंतु समाज में रामराज्य कैसे आएगा ? इस पर ध्यान नहीं दे पाते हैं।

गोस्वामी दास कृत राम चरित मानस में राघवेंद्र सरकार ने अयोध्या वासियों से स्पष्ट शब्दों में कहा कि -जौ अनीति कछु भाषहुं भाई, तौ मोहिं बरजहु भय बिसराई। अर्थात हे भाइयों यदि किसी भी तरह की अनीति की बातें मेरे मुख से निकल जाए तब आप सभी मुझे निर्भय होकर बरज देना। इतना स्पष्ट वादी यदि कोई राजा हो जाए तभी रामराज्य की संकल्पना साकार होगी। इस अवसर पर इंजीनियर पांडे जी ने कहा कि -राजेश्री महन्त महाराज सरलता की प्रतिमूर्ति हैं इतने बड़े पद में आसीन होने के पश्चात भी लोग आसानी के साथ उनसे मिल सकते हैं यही इनकी सबसे बड़ी विशेषता है। लोगों को छत्तीसगढ़ श्रम मंडल के सदस्य हरप्रसाद साहू ने भी संबोधित किया।

मंचीय कार्यक्रम के पश्चात गांव में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इस अवसर पर विशेष रूप से जनपद सदस्य कमलेश सिंह, अधिवक्ता प्रमोद सिंह, राकेश वैष्णव, शशिभूषण सोनी, हर्षित तिवारी , बबलू केंवट, पवन कश्यप, मीडिया प्रभारी निर्मल दास वैष्णव सहित अनेक गणमान्य जन उपस्थित थे।

कार्यक्रम का विधिवत संचालन भूपेंद्र साहू ने किया। राजेश्री महन्त जी महाराज ग्राम घटमड़वा एवं जांजगीर के मीरा कांप्लेक्स में आयोजित सुंदर कांड के पाठ में भी शामिल हुए।