सुरेन्द्र मिनोचा:
कोरिया:- बोर्ड परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए ध्वनि प्रदूषण को रोकने के लिए शासन-प्रशासन के द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन कराने हेतु डीजे संचालकों की बैठक लेने के सम्बन्ध में पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल द्वारा निर्देशित किये जाने पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रोहित कुमार झा द्वारा रक्षित केंद्र कॉन्फ्रेंस हॉल में डीजे संचालकों के साथ बैठक की गई और बोर्ड परीक्षा के दौरान डीजे बजाने पर रोक लगाने की बात कही।

डीजे संचालकों ने पुलिस को भरोसा दिया कि वह किसी भी हालत में रात 10 बजे के बाद डीजे नहीं बजने देंगे।इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने डीजे संचालकों को इस बात का विश्वास दिलाया कि यदि कोई बाराती या हुड़दंगी डीजे बजाने का दबाव बनाता हुआ मिला तो उसके खिलाफ भी कानूनी कार्यवाही की जाएगी।गौरतलब हो कि बोर्ड परीक्षा का दौर शुरू हो गया है,इसके लिए बोर्ड परीक्षा में शामिल होने वाले बच्चे अपनी तैयारी में जुटे हुए है।बच्चों के पढ़ाई में कोई विघ्न न आये इसके लिए पुलिस ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है।शुक्रवार को रक्षित केंद्र कॉन्फ्रेंस हॉल में हुई बैठक में पुलिस और डीजे संचालकों ने आपसी सामंजस्य बनाया। बैठक में डीजे संचालकों ने सामूहिक रूप से शादी विवाह एवं अन्य आयोजनों में रात्रि 10 बजे के बाद डीजे न बजाने का वादा पुलिस से किया। इस दौरान तहसीलदार बैकुंठपुर,डी एस पी बैकुंठपुर,जिला कोरिया के पुलिस अधिकारी,थाना प्रभारी, रक्षित निरीक्षक एवं डी जे संचालकगण मौजूद रहे।
