राज्यसभा सांसद सरोज पांडे के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया केल्हारी एसडीएम कार्यालय का घेराव ।

सुरेन्द्र मिनोचा:

मनेन्द्रगढ़:- भाजपा कार्यकर्ताओं के द्वारा मोर आवास मोर अधिकार के तहत भारतपुर सोनहत विधानसभा के केल्हारी में एस डी एम कार्यालय का घेराव किया गया।मोर आवास मोर अधिकार योजना से वंचित हितग्राहियो के लिए भाजपाइयो ने घेराव कर जमकर नारेबाजी की,इस दौरान राज्यसभा सांसद सरोज पांडेय,पूर्व मंत्री भैयालाल राजवाड़े सहित कई कार्यकर्ता शामिल हुये।भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस के प्रथम बेरिकेड्स को तोड़कर अंदर प्रवेश किया लेकिन दूसरे वेरिकेट्स के अंदर जाने से पुलिस ने रोक दिया।इस दौरान कार्यकर्ताओं से पुलिस की झूमाझटकी भी हुई।

केल्हारी की जनसभा को संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद सरोज पांडे ने कहा कि छत्तीसगढ़ की सरकार मे मदारियों का मजमा लगा हुआ है,यहाँ प्रशासन भी नाचता है,एस डी एम नाचते हैं,विधायक भी नाचता है,कोई सड़क में नाचता है, कोई भागवत में नाचता है सब नाचने का काम कर रहे तो जनता का काम कब करोगे।प्रशासन जनता का काम करने के लिए होता है और इसीलिए सरकार को जगाने के लिए इस प्रदर्शन को किया जा रहा है।छत्तीसगढ़ सरकार को केंद्र सरकार के मुखिया ने गरीबों के आवास बनाने के लिए पैसा भेजा,जिससे गरीबों के सिर पर छत हो जाए लेकिन छत्तीसगढ़ में पर्याप्त राशि आने के बाद भी इन 4 सालों में छत्तीसगढ़ की सरकार ने गरीबों के मकान बनाने में कोई रुचि नहीं दिखाई नतीजा यह हुआ कि आज भी हमारे छत्तीसगढ़ प्रदेश के लाखों मजदूर गरीब बिना छत के निवास कर रहे हैं।इस मौके पर उद्धेश्वरी पैकरा ,रामचरित द्विवेदी,दुर्गा शंकर मिश्रा,जमुना पाण्डेय,जिला पंचायत अध्यक्ष रेणुका सिंह,रितेश गुप्ता, रामलखन सिंह,वीरेंद्र सिंह राणा समेत पार्टी कार्यकर्ता काफी संख्या में मौजूद रहे।