कलेक्टर ने जनदर्शन में सुनी नागरिकों की मांग एवं समस्याएं।

महासमुंद :- कलेक्टर निलेशकुमार क्षीरसागर ने आज जिला कार्यालय के सभाकक्ष में जनदर्शन कार्यक्रम में जिले के विभिन्न शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे प्रतिनिधि मंडल एवं आमजनों की समस्याओं एवं मांगों को बारी-बारी से गंभीरतापूर्वक सुनी और संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। आज के जनदर्शन कार्यक्रम में 25 आवेदकों ने अपनी मांग एवं समस्याओं से निजात दिलाने की मांग की। इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एस. आलोक, अपर कलेक्टर दुर्गेश कुमार वर्मा, ओ.पी. कोसरिया सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे। कलेक्टर जनदर्शन में पिथौरा विकासखण्ड के ग्राम भोकलूडीह के सरपंच एवं ग्रामीणजनों ने स्कूल के लिए अतिरिक्त कक्ष निर्माण के लिए आवेदन सौंपा। उन्होंने बताया कि स्कूल में बच्चों की दर्ज संख्या अधिक होने से विद्यार्थियों को एक साथ बैठकर पढ़ने में असुविधा हो रही है। इस पर कलेक्टर ने संबंधित विभाग के अधिकारी को शीघ्र आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। इसी तरह मिलंतीन निषाद, बिजन बाई एवं रामहीन ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान निर्माण करवाने के लिए गोहार लगाया। ग्राम खट्टी के रमा बाई ने निराश्रित पेंशन राशि अपने खाते में नहीं आने की शिकायत की। इसी प्रकार बागबाहरा विकासखण्ड के ग्राम टेंगरही की जमुना बाई जगत ने आर्थिक सहायता राशि दिलाने की मांग की। उन्होंने बताया कि उनके पति के साथ कुछ माह पूर्व जंगल गए थे तभी वहां भालू ने अचानक हमला कर दिया था। जिसके कारण उनके कमर में जख्म आ गया है। लेकिन उन्हें अब तक आर्थिक सहायता राशि नहीं मिली है। इस प्रकरण पर कलेक्टर ने वन विभाग के अधिकारियों को शीघ्र यथोचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। पिथौरा विकासखण्ड के ग्राम गोपालपुर के कार्तिक, रमेश और लोकनाथ ने वनाधिकार पट्टा दिलाने के लिए आवेदन सौंपा। उन्होंने बताया कि वे लोग 3 हेक्टेयर भूमि पर विगत 50 वर्षों से काबिज रहकर कास्त करते आ रहे हैं। इन संबंधित प्रकरणों को कलेक्टर ने नियमानुसार निराकरण करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है।