एमसीबी:- कलेक्ट्रेट में नौकरी लगाने के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले एक युवक को सिटी कोतवाली पुलिस मनेंद्रगढ़ ने बैकुंठपुर से गिरफ्तार किया है।
मामले के संबंध में जानकारी देते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निमेष बरैया ने बताया कि प्रार्थी चंद्रशेखर ठाकुर उम्र 26 वर्ष निवासी पिपरिया ने मनेंद्रगढ़ थाना आकर रिपोर्ट दर्ज करवाई कि पीएमजेएसवाई कार्यालय बैकुंठपुर में कार्यरत चपरासी जिससे भाई के माध्यम से मुलाकात हुई थी वह उसे कार्यालय बैकुंठपुर कलेक्ट्रेट में चपरासी के पद पर नौकरी लगाने के लिए ₹200000 (दो लाख रुपए) ले लिया है और वापस नहीं कर रहा है।उपरोक्त रिपोर्ट पर सिटी कोतवाली मनेंद्रगढ़ में अपराध क्रमांक 65 / 23 धारा 420 भा.द.वि. का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। जिस पर पुलिस अधीक्षक टी आर कोशिमा द्वारा संपूर्ण मामले की मॉनिटरिंग के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निमेष कुमार बरैया एवम एसडीओपी मनेंद्रगढ़ राकेश कुर्रे के नेतृत्व में एक टीम तत्काल गठित की गई, जिसने फरार होने के जुगाड़ में लगे आरोपी मोइज अहमद पिता हाकिम अली उम्र 30 वर्ष निवासी बैकुंठपुर को घेराबंदी कर बैकुंठपुर से पकड़ लिया।पूछताछ करने पर आरोपी ने बताया कि वह पीएमजेएसवाई कार्यालय बैकुंठपुर में चपरासी के पद पर पदस्थ है उसके द्वारा अन्य लोगों से भी नौकरी लगाने के नाम पर धोखाधड़ी की गई है।आरोपी के पास से रायपुर मंत्रालय एवं जिला कलेक्ट्रेट बैकुंठपुर के नियुक्ति संबंधित कुछ दस्तावेज भी मिले हैं। उक्त संबंध में भी विवेचना की जा रही है।आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय भेज दिया गया है। उपरोक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक सचिन सिंह, सहायक उपनिरीक्षक आरएन गुप्ता,
प्रधान आरक्षक इश्तियाक खान, शंभू यादव, राकेश शर्मा, पुष्कल कुमार सिन्हा, प्रिंस राय, विनीत सोनी की महत्वपूर्ण भूमिका रही ।

